अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : गंगा और गंडक के पावन संगम पर एक बार फिर आस्था, संस्कृति और आधुनिकता का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। रविवार को विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 का भव्य आगाज हुआ। सीएम सम्राट चौधरी ने दीप जलाकर इस ऐतिहासिक मेले का विधिवत उद्घाटन किया। इससे पहले सीएम ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर में माथा टेका और पूरे बिहार की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। 22 नवंबर से शुरू हुआ यह मेला 23 दिसंबर 2026 तक चलेगा।
इस बार का सोनपुर मेला अपनी पारंपरिक पहचान के साथ-साथ पूरी तरह हाईटेक अंदाज में नजर आ रहा है। उद्घाटन के मौके पर सीएम ने रिमोट का बटन दबाकर मेले की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप और एआई चैटबॉट को लॉन्च किया। अब मेले में आने वाले देश-विदेश के सैलानी घर बैठे या मेला परिसर में घूमते हुए अपने मोबाइल पर ही हर इवेंट और सुविधा की जानकारी ले सकेंगे। कार्यक्रम के दौरान ‘गजेंद्र मोक्ष: भक्ति, आस्था और ईश्वरीय कृपा की अमर गाथा’ पर आधारित एक खास वीडियो भी दिखाया गया, जिसने मौजूद लोगों को भावविभोर कर दिया।

दुनिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट और फोरलेन का ऐलान
समारोह में सीएम सम्राट चौधरी ने सोनपुर और आसपास के इलाकों के लिए विकास का बड़ा रोडमैप पेश किया। उन्होंने ऐलान किया कि सोनपुर में दुनिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनाया जाएगा और इसके साथ ही एक आधुनिक टाउनशिप भी बसाई जाएगी। इलाके में यातायात को सुगम बनाने और व्यापार को गति देने के लिए गंगा और गंडक नदियों से गाद निकालने का काम शुरू होगा। इसके अलावा गंगा अंबिका पथ और सोनपुर से गोपालगंज तक नारायणी पथ का निर्माण कराया जाएगा। सीएम ने यह भी साफ किया कि अगले साल जून से पहले सोनपुर-हाजीपुर पुल को दो लेन से फोरलेन में बदलकर आम लोगों के लिए चालू कर दिया जाएगा।

आस्था के साथ अर्थव्यवस्था का संगम, 1000 करोड़ से संवरेगा मंदिर
सीएम ने कहा कि सोनपुर मेले को अब केवल एक पारंपरिक या धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे पर्यटन, व्यापार और रोजगार के जरिए बिहार की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बनाया जाएगा। धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई देने के लिए बाबा हरिहरनाथ मंदिर परिसर का 1,000 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया जाएगा। इससे सोनपुर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़े धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में उभरेगा। वहीं, स्थानीय किसानों और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए इलाके की फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स में बने उत्पादों को सीधे विदेशी बाजारों तक पहुंचाया जाएगा।

50 लाख करोड़ का निवेश और गांव की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प
अपने संबोधन में सीएम ने बिहार के भविष्य का खाका खींचते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत और पूर्व सीएम नीतीश कुमार के विजन के तहत 2037 तक समृद्ध बिहार बनाने के लिए सरकार पूरी ताकत से जुटी है। राज्य में अगले पांच वर्षों के भीतर 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश लाने का लक्ष्य रखा गया है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए बिहार की 50 लाख बहनों को पशु सखी बनाया जाएगा। इसके साथ ही साल 2030 तक राज्य में हर दिन एक करोड़ लीटर दूध उत्पादन का बड़ा लक्ष्य तय किया गया है, जिससे गांवों में खुशहाली आएगी।

दिग्गजों के जमावड़े के बीच गूंजा विकास का संदेश
मेले के उद्घाटन समारोह में सियासी और प्रशासनिक दिग्गजों का बड़ा जमावड़ा देखने को मिला। शुरुआत में सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सीएम को अंगवस्त्र, प्रतीक चिन्ह और हरित पौधा भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम को सांसद राजीव प्रताप रूढ़ी और सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने भी संबोधित किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, केदार प्रसाद गुप्ता, डॉ. प्रमोद कुमार, कई विधायक, विधान पार्षद, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, डीजीपी (विशेष सुरक्षा) कुंदन कृष्णन, सीएम के सचिव लोकेश कुमार सिंह, कमिश्नर मनीष कुमार, डीआईजी नीलेश कुमार और एसएसपी रौशन कुमार सहित हजारों की संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें : मिथिला की धरती पर विकास की नई इबारत लिख गये सीएम सम्राट… जानें




