अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Giridih : गिरिडीह के पचम्बा थाना इलाके के खावा गांव में सोमवार को एक ही परिवार के दो लोगों की टांगी से काटकर हत्या कर दी गई। मरने वालों में 55 साल के शुकर मंडल और उनकी बहू शीला देवी (पति जितेंद्र मंडल) शामिल हैं। यह पूरी वारदात मृतकों के घर के ठीक सामने हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस डबल मर्डर के पीछे कोई पुराना विवाद बताया जा रहा है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।
आधी रात घर में घुसा हमलावर, ससुर को बचाने आई बहू को भी मारा
परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, रविवार की मध्य रात्रि के बाद एक अज्ञात व्यक्ति शुकर मंडल के घर में दाखिल हुआ। किसी बात को लेकर घर के अंदर ही उनके बीच बहस और झगड़ा शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों झगड़ते हुए घर से बाहर आ गए। इसी दौरान आरोपी ने अपने पास मौजूद टांगी से शुकर मंडल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। शोर सुनकर और ससुर पर हमला होते देख बहू शीला देवी बीच-बचाव करने और उन्हें बचाने के लिए दौड़ी। लेकिन हमलावर ने पहले शुकर मंडल को मौत के घाट उतारा और उसके बाद बहू शीला देवी पर भी टांगी से वार कर उसकी भी जान ले ली। वारदात के बाद से ही गांव में एक संदिग्ध व्यक्ति का नाम चर्चा में है।
ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने से रोका, वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग
इधर घटना की सूचना मिलते ही गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने मामले को गंभीरता से लिया और डीएसपी आरके राणा को तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। डीएसपी के आदेश पर पचम्बा थानेदार राजीव कुमार ने सब-इंस्पेक्टर सोनू कुमार वर्मा को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। हालांकि, इस हत्याकांड से स्थानीय ग्रामीण काफी आक्रोशित हैं। जब पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की कोशिश की, तो गुस्साए लोगों ने उन्हें रोक दिया। ग्रामीणों का साफ कहना है कि जब तक वरीय पुलिस अधिकारी खुद मौके पर नहीं पहुंचते, तब तक शवों को उठने नहीं दिया जाएगा और न ही आगे कोई बात होगी।
पुराने विवाद के एंगल से जांच कर रही पुलिस
इस पूरे मामले पर डीएसपी आरके राणा ने बताया कि पचम्बा थाना क्षेत्र के खावा गांव में एक अधेड़ व्यक्ति और उसकी बहू की हत्या की गई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल गांव में चर्चा है कि किसी पुरानी रंजिश के कारण ही आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी करने की तैयारी कर रही है।
इसे भी पढ़ें : नहीं रहीं पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां, सीएम हेमंत ने जताया शोक




