अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Lucknow : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर पार्टी का चुनावी घोषणा-पत्र ‘पीडीए पण पत्र’ जारी कर दिया है। इस दस्तावेज में युवाओं, किसानों, महिलाओं, दलितों और सरकारी कर्मचारियों को साधने के लिए कई बड़े वादे किए गए हैं। अखिलेश यादव ने सरकार बनने पर जातिगत जनगणना शुरू कराने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और युवाओं को रोजगार मिलने तक हर महीने 5 हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि आधी आबादी यानी महिलाओं के मुद्दों और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पार्टी जल्द ही एक अलग से घोषणा-पत्र भी जनता के सामने लाएगी।
10 लाख सरकारी नौकरी, लैपटॉप और समान वेतन का वादा
सपा प्रमुख ने घोषणा-पत्र में रोजगार और शिक्षा को लेकर बड़े एलान किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में ही 10 लाख सरकारी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और जिन भर्तियों में एक से ज्यादा परीक्षाएं होती हैं, उन्हें छह महीने के भीतर पूरा किया जाएगा। अगले पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और दो से तीन करोड़ युवाओं को अन्य क्षेत्रों में रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही 12वीं पास विद्यार्थियों को लैपटॉप दिया जाएगा। शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के लिए बंद किए गए विद्यालयों को फिर से खोलने का भरोसा दिया गया है। वहीं शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को शिक्षकों के बराबर वेतन देने पर काम करने की बात कही गई है, जबकि आशा, आंगनबाड़ी, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन और समायोजन का लाभ दिलाया जाएगा।
सत्ताइस का संकल्प, पीडीए का प्रणपत्र। जन-मन का मैनिफेस्टो ! https://t.co/WmTFTDpwEd
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) November 26, 2026
किसानों की कर्जमाफी, एमएसपी गारंटी और महिलाओं को सालाना पेंशन
किसानों के लिए समाजवादी पार्टी ने कर्जमाफी का बड़ा एलान किया है। घोषणा-पत्र के मुताबिक प्रदेश की 23 फसलों और दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी दी जाएगी और फसल नुकसान होने पर मूल्य क्षतिपूर्ति की व्यवस्था होगी। गन्ना किसानों का भुगतान 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित करने के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड बनाया जाएगा। महिलाओं और गरीबों को राहत देने के लिए बुजुर्ग महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये पेंशन देने और समाजवादी कैंटीन में 5 रुपये में खाना उपलब्ध कराने का वादा किया गया है। पीडीए और गरीब वर्ग के लोगों को मुफ्त इलाज, दवा, भोजन और रहने की सुविधा दी जाएगी, साथ ही कैंसर संस्थान को पूरी तरह संचालित कर वहां शोध कार्य शुरू कराया जाएगा। दलितों के उत्थान के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास परिषद बनेगी और 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलितों व पीडीए वर्ग को 50 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा।
जमीन कब्जा रोकने को बनेगी स्पेशल एसटीएफ, तहसील तक फोरलेन सड़कें
कानून-व्यवस्था और बुनियादी ढांचे पर बात करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भूमाफिया पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सैटेलाइट नक्शों से तालाबों, सरकारी जमीनों और पवित्र नगरियों में अवैध कब्जे साफ दिखते हैं। सरकार बनने पर जमीन विवादों और कब्जों से निपटने के लिए अलग रंग की गाड़ियों वाली एक विशेष एसटीएफ बनाई जाएगी, जो लगातार पेट्रोलिंग कर गरीबों, दलितों और अल्पसंख्यकों की जमीन बचाएगी। उन्होंने साफ कहा कि गुंडागर्दी, अवैध वसूली और महिलाओं के खिलाफ अपराध किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होंगे और अपराधी चाहे किसी भी जाति, धर्म या पार्टी का हो, उसे जेल भेजा जाएगा। इसके अलावा ग्रामीण विकास पर डेढ़ लाख करोड़ रुपये खर्च करने, न्यू विलेज क्लस्टर बनाने और तहसील स्तर तक फोरलेन सड़कें जोड़ने का वादा किया गया है। उन्होंने लखनऊ के गोमती रिवरफ्रंट, हाईकोर्ट भवन और लुलु मॉल को अपनी पिछली सरकार की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि अच्छे दिन आने वाले हैं और बुरे दिन जाने वाले हैं।
इसे भी पढ़ें : अनियमित पीरियड्स और हैवी ब्लीडिंग का सबसे बड़ा कारण और इलाज क्या? बता गयीं दिग्गज डॉ रेखा देबुका







