अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के किसी भी कस्बे या गांव के चौक-चौराहे पर सुबह-सुबह चाय की दुकान पर बैठ जाइए, तो चर्चा के दो ही बड़े विषय मिलते हैं… खेती का हाल और बच्चों के रोजगार की चिंता। हर घर की एक जैसी कहानी है। किसी का बेटा दिल्ली की किसी फैक्ट्री में रात की शिफ्ट कर रहा है, तो कोई सूरत या लुधियाना की मिलों में पसीना बहा रहा है। त्योहारों पर जब ये युवा घर लौटते हैं, तो मां-बाप की आंखों में खुशी के साथ एक टीस भी होती है कि काश, अपने ही राज्य में कोई कारखाना होता तो बच्चों को यूं घर छोड़कर परदेस न जाना पड़ता।
अब इसी उम्मीद को जमीन पर उतारने की एक बड़ी कोशिश शुरू हुई है। सम्राट सरकार ने राज्य में उद्योगों के रास्ते की सबसे बड़ी अड़चन, यानी जमीन की कमी को दूर करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। कैबिनेट ने नालंदा, समस्तीपुर और शेखपुरा जिले में नये औद्योगिक क्षेत्र बसाने के लिए लैंड बैंक प्रोजेक्ट के तहत 1294.37 एकड़ जमीन के अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है। इस पूरे काम पर सरकार 706.52 करोड़ रुपए खर्च करेगी।
तीन जिलों की बदलेगी तस्वीर, खुलेगा तरक्की का रास्ता
जब कोई कारोबारी या कंपनी कहीं फैक्ट्री लगाने का मन बनाती है, तो सबसे पहले वह देखती है कि वहां एक ही जगह पर पर्याप्त जमीन, अच्छी सड़क और बिजली-पानी की व्यवस्था है या नहीं। अब तक बिहार में यही सबसे बड़ी कमी रही है। सम्राट कैबिनेट के इस नये फैसले के बाद नालंदा, समस्तीपुर और शेखपुरा में यह तस्वीर बदलने की उम्मीद है। इस लैंड बैंक प्रोजेक्ट में सबसे बड़ा हिस्सा नालंदा जिले को मिला है, जहां 564.37 एकड़ जमीन ली जाएगी और इस पर 382.23 करोड़ रुपए खर्च होंगे। समस्तीपुर में 480 एकड़ जमीन के लिए 261.92 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं, जबकि शेखपुरा में 250 एकड़ जमीन पर 62.37 करोड़ रुपए खर्च होंगे। एक ही जगह इतनी बड़ी जमीन मिलने से उद्योगों के लिए जरूरी सुविधाएं जुटाना सरकार के लिए भी आसान हो जाएगा।
किसानों की मेहनत को मिलेगा सही मोल
नालंदा, समस्तीपुर और शेखपुरा के खेतों की मिट्टी काफी उपजाऊ है। यहां के किसान साल भर मेहनत करके अच्छी फसल उगाते हैं, लेकिन कई बार नजदीक में बड़े खरीदार या प्रोसेसिंग यूनिट न होने से उन्हें अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेचनी पड़ती है। नए औद्योगिक क्षेत्रों के बनने से यहां कृषि आधारित उद्योग और फूड प्रोसेसिंग की इकाइयां लगने की पूरी संभावना है। इसके अलावा कपड़ा और अन्य मैन्युफैक्चरिंग कंपनियां भी इन इलाकों में आएंगी। जब खेत के पास ही फैक्ट्री होगी, तो किसानों को न सिर्फ अपनी फसल का सही दाम मिलेगा, बल्कि बिचौलियों पर निर्भरता भी कम होगी।
परदेस जाने की मजबूरी होगी कम
इस पूरे फैसले का सबसे जरूरी पहलू रोजगार से जुड़ा है। इन तीनों जिलों में जब नई फैक्ट्रियां लगेंगी, तो हजारों परिवारों के चूल्हे भी जलेंगे। पढ़े-लिखे युवाओं के साथ-साथ मेहनत-मजदूरी करने वाले कामगारों को भी अपने घर के पास ही काम मिल सकेगा। सुबह टिफिन लेकर घर से काम पर जाना और शाम को अपने परिवार के बीच लौट आना, यह सुख बिहार के लाखों कामगारों के लिए किसी सपने जैसा रहा है। जमीन अधिग्रहण से लेकर फैक्ट्रियों में उत्पादन शुरू होने तक का सफर तय करने में अभी वक्त लगेगा, लेकिन इस मंजूरी ने उन आंखों में एक नई चमक जरूर पैदा कर दी है, जो लंबे समय से अपने ही राज्य में रोजगार और तरक्की की राह देख रही थीं।
इसे भी पढ़ें : बिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए नियमित बस सेवा शुरू, देखें किराया और रूट की पूरी लिस्ट







