अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में हवाई सफर को आसान बनाने और कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए सरकार तेजी से काम कर रही है। साल 2030-31 तक राज्य में दो नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनकर तैयार हो जाएंगे। इनमें सोनपुर और भागलपुर-मुंगेर क्षेत्र का अजगैबीनाथ धाम एयरपोर्ट शामिल है। इसके अलावा अगले 3 से 4 साल में पटना, गया, दरभंगा, पूर्णिया और रक्सौल एयरपोर्ट भी पूरी तरह तैयार हो जाएंगे। सिविल विमानन विभाग के सचिव नीलेश रामचंद्र देवरे ने शुक्रवार को सूचना भवन के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीएम सम्राट चौधरी के निर्देश पर राज्य के प्रमुख हवाई अड्डों के विस्तार और आधुनिकीकरण का काम तेज कर दिया गया है, जिससे आम लोगों को कई शहरों से सीधी उड़ान की सुविधा मिल सकेगी।
दरभंगा एयरपोर्ट का नया टर्मिनल 2027 तक होगा तैयार
सचिव ने बताया कि पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के अपग्रेडेशन का काम पूरा हो चुका है। वहीं, दरभंगा एयरपोर्ट पर नए टर्मिनल और करीब 3700 मीटर लंबे रनवे का निर्माण तेजी से चल रहा है। यहां नए टर्मिनल का काम साल 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा। दरभंगा को अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का दर्जा दिलाने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। इसके साथ ही वहां कार्गो हब बनाने के लिए जमीन अधिग्रहण का काम भी अगले एक से दो महीने में पूरा हो जाएगा। दूसरी तरफ, पूर्णिया एयरपोर्ट पर भी रनवे को अपग्रेड किया जा रहा है। इसके विकास के लिए राज्य सरकार ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) को 67.18 एकड़ जमीन सौंप दी है, जहां 294.05 करोड़ रुपये की लागत से सिविल एन्क्लेव बन रहा है। पूर्णिया एयरपोर्ट के पास कार्गो कॉम्प्लेक्स और एयरोसिटी बसाने के लिए करीब 567 एकड़ जमीन लेने की प्रक्रिया चल रही है, जिस पर लगभग 290 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
गया में कम विजिबिलिटी में भी लैंड कर सकेंगे विमान
सर्दियों में कोहरे की वजह से फ्लाइट्स रद्द होने की समस्या से निपटने के लिए गया एयरपोर्ट को अपग्रेड किया जा रहा है। सचिव नीलेश रामचंद्र देवरे ने बताया कि गया एयरपोर्ट पर कैट-1 लाइटिंग सिस्टम लगाने के लिए जमीन अधिग्रहण का काम पूरा हो चुका है। इस सिस्टम के लगने के बाद घने कोहरे, धुंध और कम विजिबिलिटी में भी विमानों की सुरक्षित लैंडिंग हो सकेगी। इसके साथ ही गया कम विजिबिलिटी में विमानों का संचालन करने वाला बिहार का पहला एयरपोर्ट बन जाएगा।
रक्सौल में बनेगा बड़ा एयरपोर्ट, छोटे शहरों से भी शुरू होंगी उड़ानें
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित रक्सौल में एक बड़ा एयरपोर्ट बनाया जा रहा है, जिसे अगले 3 से 4 साल में पूरा करने का लक्ष्य है। इसके लिए 139 एकड़ अतिरिक्त जमीन का अधिग्रहण पूरा कर लिया गया है और अब एएआई को जमीन सौंपने की प्रक्रिया के साथ डीपीआर तैयार की जा रही है। इसके अलावा उड़ान योजना के तहत मुजफ्फरपुर, वाल्मीकिनगर, वीरपुर और सहरसा के हवाई अड्डों को भी विकसित किया जा रहा है। मुजफ्फरपुर के पताही एयरपोर्ट पर 27.67 करोड़ रुपये से टर्मिनल भवन और 31.20 करोड़ रुपये से रनवे का काम शुरू हो गया है। वाल्मीकिनगर में 27.15 करोड़ से टर्मिनल और 23.80 करोड़ से रनवे बनेगा, जिसके लिए संपर्क सड़क की जमीन ली जा रही है। वहीं, वीरपुर में 88.83 एकड़ जमीन अधिग्रहित कर ली गई है, जहां 30.48 करोड़ से टर्मिनल और 28.42 करोड़ से रनवे तैयार होगा। सहरसा में भी रनवे के विस्तार के लिए 12 एकड़ से ज्यादा जमीन अधिग्रहित की जा रही है और इसके निर्माण पर 42.52 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसे भी पढ़ें : सीवान में मासूम से दरिंदगी का बड़ा हिसाब… जानें







