अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh : झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने कहा है कि उनकी सरकार के राजस्व के स्रोतों को बंद करने की कोशिश हो रही है और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए संसाधन जुटाने में कई तरह की रुकावटें डाली जा रही हैं, लेकिन वे इससे घबराने वाले नहीं हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि जिस तरह लड़कर अलग झारखंड राज्य लिया है, उसी तरह लड़कर अपना हक भी लेंगे। सीएम शुक्रवार को रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड़ में शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस समारोह सह पारितोषिक वितरण कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अब यह पुराना झारखंड नहीं है, जहां बाहर से आकर कोई यहां के लोगों का शोषण कर सके, बल्कि पहले राज्य के लोगों को उनका पूरा अधिकार दिलाया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और रामगढ़ जिले के विकास के लिए करीब 111 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। साथ ही, लाभुकों के बीच सरकारी परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया।

50 लाख महिलाओं को हर महीने मिल रहे 2500 रुपये
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि वे राज्य की जमीनी स्थिति को भली-भांति समझते हैं। गांव-देहात और सुदूर इलाकों से लेकर शहरों तक के लोगों को अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। इसी सोच के तहत पहले चरण में राज्य की 18 से 50 साल की करीब 50 लाख महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की सम्मान राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि देश के किसी भी दूसरे राज्य में ऐसी योजना नहीं चल रही है। सरकार का मुख्य मकसद है कि हमारी माताएं और बहनें आर्थिक रूप से मजबूत बनें और खुद अपने माथे से गरीबी की लकीर मिटा सकें।

शहीदों के परिवार का नौजवान आज राज्य को संवार रहा
सीएम ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब राज्य के आदिवासी और मूलवासी समाज के लोग सामंती सोच रखने वालों के सामने बोलना तो दूर, सिर उठाकर देख भी नहीं पाते थे। लेकिन आज हालात बदल गए हैं और हर गरीब व आदिवासी-मूलवासी निडर होकर स्वाभिमान के साथ जी रहा है। इसका पूरा श्रेय शहीद सोबरन मांझी की शहादत को जाता है। उन्होंने बताया कि सामंती अत्याचार के खिलाफ जिस आवाज को दबाने की साजिश रची गई थी, उसे दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने फिर से जिंदा किया और इस दिवस को जन-जन तक पहुंचाया। भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू और चांद-भैरव की तरह ही सोबरन मांझी ने भी अपनी निडरता दिखाई थी। सीएम ने तंज कसते हुए कहा कि उस दौर में लोग हंसते थे कि कम पढ़े-लिखे आदिवासी-मूलवासी अपना अलग राज्य कैसे चलाएंगे, लेकिन आज उन्हीं शहीद परिवारों के बीच से निकला एक नौजवान राज्य को संवारने का काम कर रहा है।

अगले साल और भव्य तरीके से मनेगा शहादत दिवस
कार्यक्रम के स्वरूप पर बात करते हुए सीएम ने कहा कि वर्तमान हालात को देखते हुए इस बार शहादत दिवस को बेहद सादगी के साथ मनाया गया है। हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में इसे और भी भव्य और उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा। आज की युवा पीढ़ी इस शहादत की विरासत को आगे ले जाने का संकल्प ले रही है। कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन, विधायक ममता देवी, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता, आईजी शैलेंद्र सिन्हा, डीआईजी अंजनी कुमार झा, रामगढ़ डीसी ऋतुराज, एसपी मुकेश लुनायत समेत कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत ने MMDR संशोधन के खिलाफ पेश किया संकल्प, क्या बोले… जानें







