अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : दफ्तरों के कामकाज का तरीका तेजी से बदल रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के आने के बाद कई लोगों के मन में अपनी नौकरी और भविष्य को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं हैं। लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि तकनीक से घबराने के बजाय उसे अपना दोस्त बनाने की जरूरत है। शनिवार को सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) मुख्यालय के दरभंगा हाउस स्थित गंगोत्री हॉल में आयोजित राष्ट्रीय कार्मिक प्रबंधन संस्थान (एनआईपीएम) के पूर्वी क्षेत्रीय सम्मेलन में इसी बदलाव पर गहरी चर्चा हुई। ‘लोग, उद्देश्य और तकनीक : मानव संसाधन प्रबंधन के भविष्य को आकार देना’ विषय पर हुए इस आयोजन में देश भर से आए कॉर्पोरेट लीडर्स, शिक्षाविदों और विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
असफलताओं से सीखकर आगे बढ़ने का संदेश
सम्मेलन की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई, जहां CCL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक निलेंदु कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। यह पूरा कार्यक्रम CCL के निदेशक (मानव संसाधन) और एनआईपीएम रांची चैप्टर के अध्यक्ष हर्ष नाथ मिश्र के मार्गदर्शन तथा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष (पूर्व) संजय ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित किया गया। मंच पर एनआईपीएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष पी. आर. बसवराजू और राष्ट्रीय महासचिव डॉ. विश्वभूषण बेहरा ने भी अपने विचार साझा किए, जबकि डॉ. एस. वाई. सिद्दीकी ने मुख्य वक्ता के रूप में सम्मेलन के विषय की रूपरेखा रखी। इस मौके पर हर्ष नाथ मिश्र की पुस्तक ‘RESURGAM – I Shall Rise Again’ का विमोचन भी किया गया। यह किताब जीवन की ठोकरों से सबक लेने, मन के डर को हराने और नए जोश के साथ फिर से अपनी मंजिल की ओर कदम बढ़ाने की प्रेरणा देती है।
इंसान की जगह लेने नहीं, क्षमता बढ़ाने आई है तकनीक
दिन भर चले तकनीकी सत्रों में इस बात पर मंथन हुआ कि आने वाले समय में दफ्तरों का माहौल कैसा होगा। पहले सत्र में जीपीआर एचआर कंसल्टिंग एलएलपी के संस्थापक डॉ. जी. पी. राव और एक्सेंचर के निदेशक अग्निवेश ठाकुर ने संवाद के जरिए समझाया कि एआई और नई तकनीकें इंसान को हटाने के लिए नहीं, बल्कि उसके काम को आसान और बेहतर बनाने के लिए हैं। दूसरे सत्र में कर्मचारियों को केंद्र में रखकर कार्यसंस्कृति विकसित करने पर जोर दिया गया। आईआईएम रांची के एसोसिएट प्रोफेसर राजशेखर डेविड के संचालन में सेल-बोकारो स्टील प्लांट की राजश्री बनर्जी, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के अभिषेक विक्टर और एक्सएलआरआई जमशेदपुर की डॉ. पूजा मलिक ने कहा कि जब किसी संस्थान में कर्मचारियों की सेहत, खुशी और सीखने की ललक का ध्यान रखा जाता है, तो वे अपना सर्वश्रेष्ठ देते हैं। तीसरे सत्र में एक्सएलआरआई जमशेदपुर के एसोसिएट प्रोफेसर जतिंदर कुमार झा, जेएसडब्ल्यू ग्रुप के विजय सिन्हा और आईटीसी के जगबंधु सामंत ने डेटा विश्लेषण और ऑटोमेशन के जिम्मेदारी भरे इस्तेमाल पर बात की।
महाभारत के प्रसंगों से निकला आधुनिक प्रबंधन का सूत्र
चौथे सत्र में नेतृत्व की भूमिका पर चर्चा करते हुए आरपी-संजीव गोयनका ग्रुप के अजय कुमार साहू, हीरो मोटोकॉर्प के धर्म रक्षित, मिंडा सिल्का इंजीनियरिंग के संदीप मोहंती और एक्सआईएसएस रांची के डॉ. कुमार मोहित स्प्रिंग ने कहा कि एक सफल लीडर वही है जो कंपनी के लक्ष्यों और कर्मचारियों के सपनों के बीच संतुलन बना सके। सम्मेलन का सबसे दिलचस्प हिस्सा एक विशेष सत्र रहा, जिसमें आईआईएम जम्मू के प्रोफेसर देबाशीष सतपथी ने महाभारत की शिक्षाओं को आज के कॉर्पोरेट प्रबंधन से जोड़कर पेश किया। उन्होंने बताया कि सदियों पुराने हमारे ग्रंथों में भी टीम वर्क और मानवीय मूल्यों के अद्भुत सूत्र छिपे हैं। कार्यक्रम में विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और दिग्गजों से भविष्य की चुनौतियों को समझा। समापन सत्र में आईआईसीएम रांची के पूर्व कार्यकारी निदेशक पीसी मिश्र ने दिन भर की चर्चाओं का निचोड़ रखा, रिलायंस जियो के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरजीत खंडूजा ने समापन भाषण दिया और एनआईपीएम रांची चैप्टर के सचिव शाहिद जमाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
इसे भी पढ़ें : 77वां संविधान दिवस : CCL में गूंजा लोकतंत्र को सींचने का संकल्प








