अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : राज्य में अपराध, भ्रष्टाचार और सरकारी कामकाज में लापरवाही के खिलाफ अब जीरो टॉलरेंस की नीति सख्ती से लागू होगी। सीएम सम्राट चौधरी ने सभी जिलों के डीएम, एसएसपी और एसपी को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि जनता की समस्याओं को सुलझाने में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शनिवार को सीएम सचिवालय स्थित ‘संवाद’ सभागार में दो दिवसीय प्रशासनिक और कानून-व्यवस्था समीक्षा बैठक के पहले दिन अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गरीब और कमजोर वर्गों को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए। सीएम ने यह भी साफ किया कि स्थानीय स्तर पर काम कर रहे अधिकारियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए, ताकि कामकाज में पारदर्शिता बनी रहे और किसी तरह की अनियमितता न हो।

रात्रि गश्ती की होगी जीपीएस ट्रैकिंग, आईजी और डीआईजी खुद करेंगे मॉनिटरिंग
कानून-व्यवस्था पर कड़ा रुख अपनाते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने पुलिस गश्ती को और प्रभावी बनाने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि अब रात्रि गश्ती की जीपीएस के जरिए निगरानी की जाएगी, ताकि पुलिस की मुस्तैदी का सही पता चल सके। सीएम ने निर्देश दिया कि फरार चल रहे अपराधियों की लगातार ट्रैकिंग कर उनकी गिरफ्तारी तेज की जाए और आईजी व डीआईजी स्तर के अधिकारी खुद इसकी मॉनिटरिंग करें। इसके अलावा पुलिस बल की संख्या, उपलब्ध संसाधनों और उनकी तैनाती की रियल टाइम जानकारी रखने को कहा गया है। उन्होंने खुफिया तंत्र को मजबूत करने के साथ-साथ हथियारों के नियमित सत्यापन और सार्वजनिक रूप से हथियारों के प्रदर्शन पर भी सख्त रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।

जमीन विवाद सुलझाने को हर हफ्ते बैठक, डीएम-एसपी को महीने में दो बार करनी होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
सीएम ने भूमि विवादों को कानून-व्यवस्था के लिए एक बड़ी चुनौती बताते हुए इसके स्थायी समाधान का खाका खींचा है। उन्होंने निर्देश दिया कि अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी हर हफ्ते एक बार नियमित बैठक करें। साथ ही डीसीएलआर और एडीएम कोर्ट का नियमित संचालन सुनिश्चित हो, ताकि जमीन से जुड़े विवादों का समय पर निपटारा हो सके। सीएम ने अधिकारियों को जनता दरबार लगातार लगाने और सोशल मीडिया पर आने वाली जनशिकायतों पर तुरंत एक्शन लेने को कहा है। जनता तक सही और तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाने के लिए उन्होंने सभी डीएम और एसपी को महीने में कम से कम दो बार प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने का भी निर्देश दिया है।

दुर्घटना वाले ब्लैक स्पॉट सुधारने, बाढ़ प्रबंधन और लैंड बैंक बनाने पर जोर
बैठक के पहले दिन गृह, स्वास्थ्य, कृषि, राजस्व, उद्योग, पथ निर्माण, जल संसाधन, शिक्षा और ग्रामीण विकास समेत 14 विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा हुई। सीएम ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए चिह्नित ब्लैक स्पॉट को जल्द सुधारने का निर्देश दिया। इसके साथ ही अगले मानसून से पहले बाढ़ और गाद प्रबंधन के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने और अंतरराज्यीय नदी लिंक परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने को कहा। राज्य में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए सीएम ने सभी डीएम को अपने जिलों में लैंड बैंक विकसित करने और स्थानीय उद्योगपतियों से लगातार संवाद करने की हिदायत दी। कृषि क्षेत्र में खाद-बीज की उपलब्धता के साथ नकदी फसलों को बढ़ावा देने और अस्पतालों में रेफरल व्यवस्था सुधारने पर भी जोर दिया गया। इस बैठक में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह और डीजीपी प्रीता वर्मा समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
इसे भी पढ़ें : एग्रोविजन-2026 : नितिन गडकरी से मिले मंत्री विजय सिन्हा, नागपुर के ‘कृषि महाकुंभ’ में करेंगे शिरकत








