अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : राजनीति में अक्सर चुनाव के वक्त ही नेताओं और कार्यकर्ताओं की भागदौड़ दिखती है, लेकिन बिहार में अब एक नई तस्वीर देखने को मिलने वाली है। राज्य की सत्ता में बैठी भारतीय जनता पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को सीधे जनता के सुख-दुख का साथी बनाने की तैयारी कर ली है। रविवार को पटना के भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित अटल सभागार में इसी सोच को जमीन पर उतारने के लिए एक बड़ा मंथन हुआ। मौका था राज्य स्तरीय सेवा दूत और विधानसभा समन्वयक प्रशिक्षण कार्यशाला का। सीएम सम्राट चौधरी ने दीप जलाकर इस कार्यक्रम की शुरुआत की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में लगातार 25 साल पूरे होने के खास अवसर पर इस अभियान की नींव रखी गई है। कार्यशाला में पटना, मुंगेर, बेगूसराय और नालंदा संभाग से आए सैकड़ों कार्यकर्ताओं के चेहरे पर एक नई जिम्मेदारी का उत्साह साफ झलक रहा था। कार्यक्रम से पहले सीएम ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर फूल चढ़ाकर उन्हें नमन किया।

1 दिसंबर से अगले 25 दिनों तक गांवों में दिखेगा सेवा का नया रंग
अटल सभागार में मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि अब केवल भाषणों से नहीं, बल्कि सीधे लोगों के बीच जाकर काम करने का समय है। आगामी 1 दिसंबर से अगले 25 दिनों तक पार्टी के कार्यकर्ता सेवा दूत बनकर प्रदेश के कोने-कोने में जाएंगे। इनका काम सिर्फ सरकार की उपलब्धियां गिनाना नहीं होगा, बल्कि लोगों के बीच बैठकर उनकी असली दिक्कतों को समझना और उन्हें दूर करना होगा। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विकसित भारत बनाने के लिए दिन-रात जुटे हैं। यह लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब पार्टी का हर एक कार्यकर्ता आम आदमी की तकलीफ को अपनी तकलीफ समझकर उसे सुलझाने का संकल्प लेगा।
सीएम ने पार्टी के पुराने संघर्षों को याद करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जनसंघ की स्थापना कर देश में एक विधान, एक निशान और एक प्रधान की आवाज बुलंद की थी। साल 1980 में भाजपा के गठन और 1996 में एनडीए के बनने के बाद भी पार्टी अपने सिद्धांतों पर अडिग रही। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जो सपना देखा था, उसे 2014 में देश की जनता ने पूर्ण बहुमत देकर सच कर दिखाया। इसके बाद 2019 की बड़ी जीत ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण का रास्ता खोला और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाया गया। बिहार का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि पिछले दो दशकों में एनडीए सरकार के कामकाज का ही नतीजा है कि 2025 के विधानसभा चुनाव में जनता ने एनडीए को 243 में से 202 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दिलाई।

43 हजार गांवों की बदल रही तस्वीर, 30 दिन में हो रहा शिकायतों का निपटारा
बिहार के गांवों में आ रहे बदलाव की कहानी साझा करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने बताया कि राज्य में शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर तेजी से काम हो रहा है। प्रदेश में 700 मॉडल स्कूलों को सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में नई पहचान दी गई है। इसके साथ ही पूरे राज्य में सेवा संकल्प और कायाकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के जरिए बिहार के 43 हजार गांवों में स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, हेल्थ सेंटर, सामुदायिक भवन और गली-नाली के निर्माण व मरम्मत का काम चल रहा है।
सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने वाले आम लोगों को राहत देने के लिए चलाए जा रहे सहयोग कार्यक्रम का भी उन्होंने जिक्र किया। सीएम ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत अब तक करीब 11 लाख आवेदन मिले हैं, जिनका समाधान किया जा चुका है। पूरी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए एक खास सॉफ्टवेयर तैयार किया गया है। सरकार ने यह नियम बनाया है कि किसी भी आवेदन पर 30 दिनों के अंदर हर हाल में उचित आदेश जारी हो और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई हो। सीएम ने सेवा दूतों को खास जिम्मेदारी देते हुए कहा कि वे अपने इलाके में ऐसे बुजुर्गों, विधवाओं, दिव्यांगों और गरीब परिवारों को खोजें जो अब तक सरकारी योजनाओं से दूर हैं। वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और राशन कार्ड के असली हकदारों की पहचान कर उन्हें सहयोग पोर्टल पर आवेदन करने में मदद करें।
बिहार में बढ़ रहे उद्योग, महिला आरक्षण से बदलेगी सियासत की तस्वीर
राज्य की आर्थिक तरक्की पर बात करते हुए सीएम ने कहा कि सरकार की नीतियों का ही असर है कि पिछले एक साल में राज्य के भीतर 9 हजार से ज्यादा नई कंपनियां रजिस्टर्ड हुई हैं। कारोबार शुरू करने वालों को परेशानी न हो, इसके लिए 30 दिनों के भीतर उद्योग लगाने का लाइसेंस देने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत करने और मंडल स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को सक्रिय रखने की अपील की।
आखिर में सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संसद से महिला आरक्षण विधेयक पास कराकर महिलाओं को उनका हक दिलाने की बड़ी पहल हुई है। इसके लागू होने के बाद बिहार में विधानसभा की 122 सीटों और लोकसभा की 20 सीटों में वृद्धि होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी सेवा भावना के साथ जनता के बीच उतरने और बिहार के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। इस मौके पर सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक संजय सरावगी, प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : ‘मन की बात’ में बिहार संग्रहालय का जिक्र, सीएम सम्राट ने पीएम का जताया आभार








