अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi/Jamshedpur : जमशेदपुर के साकची स्थित MGM यानी महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी है। वहीं, 12 लोग जख्मी हैं। शनिवार रात MGM की इमारत की छत का एक हिस्सा अचानक ढहने से कई लोग इसकी चपेट में आ गए थे। हादसे में मृतकों की पहचान गोविंदपुर निवासी लुकास साइमन तिर्की, साकची के डेविड जोनसन और सरायकेला निवासी श्रीचंद तांती के तौर पर की गयी है। श्रीचंद तांती की मां रेणुका देवी की हालत गंभीर है और उन्हें टीएमएच में भर्ती कराया गया है। घटना के समय बिल्डिंग में कुल 15 लोग मौजूद थे, जिनमें 12 लोगों को घायल हालत में बाहर निकाला गया। यहां से 03 लोगों के शव बरामद किए गए। देर शाम एनडीआरएफ की टीम राहत कार्य के लिए जमशेदपुर पहुंची और टाटा स्टील व जिला प्रशासन की रेस्क्यू टीम के साथ मिलकर ऑपरेशन चलाया।
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने MGM पहुंच कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने मृतकों के आश्रितों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपए की आर्थिक मदद का ऐलान किया है। मंत्री ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। प्रदेश के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर भरोसा दिलाया कि दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी।
भारतीय जनता पार्टी समेत विपक्षी दलों ने MGM अस्पताल हादसे को लेकर सरकार से सवाल पूछे हैं। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इतने खतरनाक हालत में पहुंच चुके उस भवन को खाली क्यों नहीं कराया गया और वहां आम लोगों को ठहराने की अनुमति किसने दी? भाजपा विधायक पूर्णिमा साहू और राजद विधायक सरयू राय ने भी मौके पर पहुंच कर घायलों से मुलाकात की और सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया।
इसे भी पढ़ें : अपराधियों ने एक घंटे तक किया तांडव, दो ड्रिल मशीन और 6 गाड़ियों को फूंक डाला
इसे भी पढ़ें : बिहार का मोस्ट वांटेड बिल्डर रांची से धराया, दो पत्नियों के साथ मिल करता था ठगी

