अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Latehar : लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के तुरीसोत गांव के पास खनन सर्वे कंपनी के साइडिंग पर बीती देर रात हथियारबंद अपराधियों ने हमला कर दिया। अपराधियों ने वहां दो ड्रिलिंग मशीन और छह गाड़ियों को फूंक डाला। जिन गाड़ियों में आग लगाई गई है उनमें दो ट्रक, दो पिकअप और दो बोलेरो शामिल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की देर रात हथियार बंद अपराधी कंपनी के साइडिंग पर पहुंचे और वहां उपस्थित मजदूरों को कब्जे में ले लिया। इसके बाद अपराधियों ने खनिज सर्वे कार्य के लिए लगाए गए दो मशीनों में आग लगा दी। इसके अलावा कंपनी के छह अन्य गाड़ियों को भी जला डाला। बताया जाता है कि अपराधियों ने घटनास्थल पर फायरिंग भी की है। लगभग एक घंटे तक तांडव करने के बाद अपराधी वहां से भाग निकले।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बालूमाथ डीएसपी विनोद रवानी की देखरेख में पुलिस की टीम घटना स्थल पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी है। घटना को अंजाम किसने अंजाम दिया है, इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि भाकपा माओवादी के नक्सली संगठन ने ही इस घटना को अंजाम दिया है। घटनास्थल लातेहार और रांची जिले के बॉर्डर पर स्थित है। यहां कुछ अपराधी संगठन भी सक्रिय रहते हैं। इस संबंध में डीएसपी ने रविवार को बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है । वहीं पूरे इलाके की घेराबंदी कर अभियान भी चलाया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : बिहार का मोस्ट वांटेड बिल्डर रांची से धराया, दो पत्नियों के साथ मिल करता था ठगी
इसे भी पढ़ें : एक पाउडर के बदौलत रांची में लूट लिये तीन लाख… जानें कैसे



