अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगामी बिहार दौरा विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह उनका तीसरा बिहार दौरा होगा जिसमें वह दो दिन तक रहेंगे।
PM मोदी 29 मई को पटना एयरपोर्ट के नए भवन का उद्घाटन करेंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। दूसरे दिन, 30 मई को वे बिक्रमगंज में जनसभा को सम्बोधित करेंगे। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने इस बात की पुष्टि की है। पीएम मोदी का यह दौरा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पहली बार होगा, जबकि पहले यह केवल एक दिवसीय दौरा तय था।
दूसरी ओर, डिप्टी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि पीएम मोदी बिहार में कई योजनाओं की सौगात देने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि PM पटना हवाई अड्डे के नए टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे, पटना-सासाराम फोर लेन सड़क का शिलान्यास करेंगे और औरंगाबाद के नवीनगर में 600 मेगावाट पावर प्रोजेक्ट की आधारशिला भी रखेंगे। कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री मोदी बिहार में हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं की घोषणा करेंगे।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेता कार्यक्रम की व्यवस्था और सुरक्षा का कड़ा निरीक्षण कर रहे हैं। तीन दिन पहले डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया और विधि व्यवस्था, सुरक्षा को लेकर अधिकारियों से चर्चा की।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पीएम मोदी का यह दौरा पार्टी के लिए बड़ा सहारा साबित होगा। इससे पहले, पीएम मोदी 24 फरवरी को किसान सम्मान निधि की किस्त वितरित करने बिहार आ चुके हैं और 24 अप्रैल को मधुबनी में बड़े विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास कर चुके हैं।

