अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : देश में कोविड-19 के सक्रिय मामले फिर बढ़ने लगे हैं। 28 मई तक सक्रिय मामलों की संख्या 1200 पार हो गई है, जो पिछले सप्ताह 257 थी। सबसे अधिक मामले केरल (430) और महाराष्ट्र (325) में दर्ज किए गए हैं।
नया वैरिएंट JN.1 तेजी से फैल रहा है
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के अनुसार, भारत में इस समय चार नए कोविड वैरिएंट सक्रिय हैं, जो ओमिक्रॉन के सब-वैरिएंट हैं: JN.1, LF.7, XFG, और NB.1.8.1। इनमें से JN.1 सबसे आम है, जो अब तेजी से फैल रहा है। यह वैरिएंट अगस्त 2023 में लक्जमबर्ग में पहली बार मिला था और दिसंबर 2023 में भारत के केरल में पहले केस की पुष्टि हुई।
कैसे फैलते हैं नए वैरिएंट?
डॉ. संचयन रॉय के अनुसार, नए वैरिएंट उसी तरीके से फैलते हैं जैसे पुराने कोविड-19 वायरस। संक्रमित व्यक्ति जब खांसता, छींकता या बात करता है, तो वायरस ड्रॉपलेट्स के माध्यम से हवा में फैलता है। संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आना, दूषित सतहों को छूना और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में रहना संक्रमण के कारण हैं।
कोविड-19 के मुकाबले ज्यादा संक्रामक
WHO के अनुसार, नए वैरिएंट JN.1 और LF.7 का रिप्रोडक्शन नंबर (RO) 4 से 6 के बीच है, जबकि पुराना कोरोना 2 से 4 के बीच था। इसका मतलब है कि यह वैरिएंट पुराने की तुलना में 50-70% ज्यादा संक्रामक है और एयरबोर्न फैलाव की क्षमता रखता है।
किसे है सबसे ज्यादा खतरा?
विशेषज्ञों के मुताबिक, बुजुर्गों (65 वर्ष से ऊपर), कमजोर इम्यूनिटी वाले लोग, छोटे बच्चे (1 साल से कम उम्र), और ज्यादा यात्रा करने वाले लोग इस नए वैरिएंट से ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं। साथ ही, जिन लोगों ने बूस्टर डोज नहीं लिया है, उनकी इम्यूनिटी कमजोर हो रही है।
सावधानी और वैक्सीनेशन जरूरी
नए वैरिएंट से बचाव के लिए मास्क पहनना, सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखना, सैनेटाइजर का इस्तेमाल करना अभी भी जरूरी है। वर्तमान में तीन प्रमुख वैक्सीन अपडेटेड वर्शन में उपलब्ध हैं — फाइजर-बायोएनटेक, मॉडर्ना और नोवावैक्स/कोवोवैक्स जो नए वैरिएंट्स के खिलाफ प्रभावी हैं।
क्या लॉकडाउन लगेगा?
डॉ. संचयन रॉय के मुताबिक, फिलहाल लॉकडाउन लगाने की जरूरत नहीं है। वर्तमान नए वैरिएंट पहले की तरह गंभीर नहीं हैं, लेकिन सरकार सतर्क है और अस्पतालों में तैयारी जारी है ताकि यदि जरूरत पड़ी तो तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके।
सावधानी ही सुरक्षा है। कोरोना से बचाव के लिए सतर्कता बनाए रखें और जरूरी वैक्सीन लगवाएं।
इसे भी पढ़ें : कमजोर मेमोरी से जूझ रहे लोगों के लिए ब्रेन पावर फूड्स…



