अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : छठ महापर्व को देखते हुए रांची नगर निगम ने शहर के छठ घाटों को संवारने की कवायद तेज कर दी है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम के आला अधिकारियों के साथ शनिवार को शहर के चार प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अरगोड़ा तालाब, डोरंडा के बटन तालाब, नामकुम के स्वर्णरेखा नदी घाट और कोकर के तिरिल तालाब पहुंचकर वहां चल रही तैयारियों को बारीकी से देखा। नगर आयुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को साफ कहा कि घाटों पर सफाई, सुरक्षा, लाइटिंग और निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने छठ पूजा समितियों के सदस्यों से भी बात की और भरोसा दिलाया कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं का पूरा ख्याल रखा जाएगा।
घाटों पर मरम्मत, सफाई और पानी की शुद्धता पर जोर
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने हर घाट के लिए अलग-अलग जरूरी निर्देश जारी किए। अरगोड़ा तालाब की टूटी हुई चहारदीवारी की तत्काल मरम्मत कराने, सुरक्षा घेरा बनाने और परिसर को अगले दो दिनों में पूरी तरह साफ करने को कहा गया है। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया कि किसी भी नाली का गंदा पानी तालाब में न गिरे। डोरंडा के बटन तालाब और कोकर के तिरिल तालाब में बाकी बचे निर्माण कार्य जल्द निपटाने और रास्तों को स्टोन डस्ट डालकर समतल करने के निर्देश दिए गए। नामकुम स्थित स्वर्णरेखा नदी घाट पर दो पोकलेन मशीनें लगाकर गाद हटाने, जल प्रवाह ठीक रखने और झाड़ियों की छंटाई कराने को कहा गया है। सभी घाटों पर पर्याप्त रोशनी के साथ-साथ पानी को साफ रखने के लिए फिटकरी, ई-बॉल और ब्लीचिंग पाउडर डालने का काम भी तय समय पर पूरा करने का आदेश दिया गया है।

घाटों पर कब्जा करने वालों पर मुकदमा, आवारा कुत्तों को हटाने का अभियान
छठ घाटों पर जगह छेकने की पुरानी आदत पर निगम ने इस बार सख्त रुख अपनाया है। नगर आयुक्त ने साफ कर दिया है कि घाट की सीढ़ियों या जमीन पर अपना नाम, मोबाइल नंबर लिखकर या किसी भी तरीके से जगह घेरने का प्रयास किया तो सीधे दंडात्मक कार्रवाई होगी। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि यदि कोई घाट पर जबरन कब्जा करता दिखे तो तुरंत निगम के टोल फ्री नंबर 18005701235 पर सूचना दें। इसके अलावा घाटों और रास्तों पर आवारा कुत्तों के आतंक से श्रद्धालुओं को बचाने के लिए विशेष डॉग रेस्क्यू अभियान चलाने का निर्देश भी दिया गया है।
समितियों से सहयोग की मांग और साल भर रखरखाव का संकल्प
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि छठ घाटों की सुंदरता केवल पर्व तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि साल भर इन जलाशयों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना निगम का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने पूजा समितियों से अपील की कि वे इस विशेष स्वच्छता अभियान में आगे बढ़कर निगम का साथ दें। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, स्थानीय वार्ड पार्षद, सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता और नगर प्रबंधक समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : रांची की नसों में उतरने से पहले धरा गया 20 लाख का धीमा जहर, लोहरदगा में थार समेत 8 अरेस्ट



