अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश में सेवा कर चुके पूर्व अग्निवीरों को पुलिस, पीएसी, आरक्षी घुड़सवार और फायरमैन की भर्ती में 20 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। इसके साथ ही उनकी आयु सीमा में भी छूट दी जाएगी।
कैबिनेट ने किया फैसला
यह फैसला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को लोकभवन में हुई कैबिनेट बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि गृह विभाग ने इस प्रस्ताव को पेश किया था, जिसे सभी मंत्रियों ने मंजूर कर लिया।
अग्निवीर योजना क्या है?
अग्निवीर योजना केंद्र सरकार की एक योजना है, जो 2022 में शुरू हुई थी। इसमें युवाओं को भारतीय सेना, नौसेना और वायु सेना में चार साल के लिए भर्ती किया जाता है। उन्हें छह महीने का प्रशिक्षण दिया जाता है। सेवा के बाद, 25% अग्निवीरों को सेना में स्थायी नौकरी मिलती है, जबकि बाकी 75% युवाओं को दूसरी सेवाओं में अवसर दिए जाते हैं।
कितने अग्निवीर होंगे लाभान्वित?
पहले बैच के अग्निवीरों का कार्यकाल 2026-27 में खत्म होगा। अनुमान है कि लगभग 1 लाख अग्निवीरों में से 25 हजार को सेना में स्थायी करने का मौका मिलेगा। बाकी युवाओं के लिए अन्य नौकरी के रास्ते खुले रहेंगे। ऐसे में यूपी सरकार का यह फैसला लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनाने वाला है।
सरकार ने निभाया अपना वादा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले ही कहा था कि चार साल की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को उत्तर प्रदेश पुलिस और पीएसी में प्राथमिकता दी जाएगी। अब यह वादा पूरा हो गया है। यह 20% आरक्षण का फैसला पूर्व अग्निवीरों को रोजगार पाने में मदद करेगा और सुरक्षा विभागों को प्रशिक्षित जवानों की ताकत देगा।
इसे भी पढ़ें : तत्कालीन ड्रग इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार की गई नौकरी… जानें क्यो
इसे भी पढ़ें : बिहार में खपाने की थी तैयारी, गोड्डा में धरा गया… जानें क्या

