अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के मधपाड़ा मोहल्ले में अज्ञात चोरों ने दो सगे भाइयों के घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी। चोरों ने दोनों सूने घरों को निशाना बनाया और नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, मधपाड़ा निवासी विकास कुमार झा और उनके छोटे भाई बम शंकर झा के घर लंबे समय से बंद थे। विकास कुमार झा एक एनजीओ में कार्यरत हैं और वर्तमान में बलिया बंगाल में रह रहे हैं। वहीं उनके छोटे भाई बम शंकर झा अपने परिवार के साथ उड़ीसा के भुवनेश्वर में रहते हैं। दोनों घरों में उस समय कोई मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
पड़ोसियों ने दी चोरी की सूचना
मोहल्ले के लोगों ने जब घरों की स्थिति संदिग्ध देखी तो विकास कुमार झा की पत्नी खुशबू देवी को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद खुशबू देवी मौके पर पहुंचीं। घर पहुंचते ही उन्होंने देखा कि कमरे का दरवाजा खुला हुआ है और अंदर का सामान बुरी तरह बिखरा पड़ा है। इसके बाद उन्होंने अपने देवर बम शंकर झा के घर की भी जांच की। वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घर के मुख्य दरवाजे की लोहे की कुंडी कटी हुई थी। अंदर कमरे अस्त-व्यस्त थे और गोदरेज अलमारी का दरवाजा खुला हुआ था। सामान चारों तरफ फैला हुआ था, जिससे साफ लग रहा था कि चोरों ने आराम से घर की तलाशी ली है।
कैश और जेवरात पर चोरों का हाथ साफ
खुशबू देवी ने बताया कि उनके घर से चांदी का बच्चों का मठिया चोरी हुआ है। वहीं उनके देवर के घर से लगभग 10 से 15 हजार रुपये कैश और सोने-चांदी के जेवरात गायब हैं। हालांकि चोरी गए सामान की पूरी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है, क्योंकि उनके देवर फिलहाल भुवनेश्वर में हैं। उन्होंने बताया कि उनके देवर के आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि घर से कुल कितना सामान चोरी हुआ है और नुकसान कितना हुआ है। खुशबू देवी ने बताया कि वह करीब एक सप्ताह पहले ही अपने घर आई थीं। उस दौरान उन्होंने घर की साफ-सफाई की थी और सब कुछ सामान्य था। ऐसे में माना जा रहा है कि चोरी की घटना पिछले कुछ दिनों के भीतर हुई है।
लोगों में नाराजगी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
चोरी की घटना के बाद मधपाड़ा के लोगों में नाराजगी और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सूने घरों को लगातार निशाना बनाए जाने की घटनाएं चिंता का विषय हैं। लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ चोरी से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही चोरों का पता लगाकर मामले का खुलासा करेगी।
इसे भी पढ़ें : 500 में 500… री-इवैल्यूएशन में रांची की अवनी बनीं नेशनल टॉपर, JPA ने दी बधाई

