अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : CM नीतीश कुमार ने सोमवार को कच्ची दरगाह से बिदुपुर तक जाने वाली 6 लेन गंगा पुल परियोजना का शुभारंभ किया। उन्होंने पटना से राघोपुर की सम्पर्कता का फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर इस परियोजना का लोकार्पण किया। इसके बाद, CM ने नवनिर्मित छह लेन गंगा पुल का राघोपुर तक निरीक्षण किया। राघोपुर पहुंचने पर वहां उपस्थित जनसमूह ने CM नीतीश कुमार का जोरदार स्वागत किया। ग्रामीणों ने पुल के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और उनकी प्रशंसा की। कई लोगों की आंखों में खुशी के आंसू थे। ग्रामीणों ने कहा कि वे इस दिन का इंतजार आजादी मिलने के बाद से कर रहे थे। अब उनके दुख के दिन दूर हो गए हैं। मानसून के दौरान, पटना से संपर्क टूट जाता था और नाव ही एकमात्र सहारा बचता था। लेकिन गंगा के उफान के कारण कई बार नाव डूबने का खतरा रहता था।

बता दें कि कच्ची दरगाह, पटना से बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर 19.76 किमी लंबाई के छह लेन ग्रीन फील्ड पुल का निर्माण किया जा रहा है। इसमें 9.76 किमी लंबा पुल और 10 किमी लंबा पहुंच पथ शामिल है। इस परियोजना की कुल लागत 4,988 करोड़ रुपये है। पहले चरण में कच्ची दरगाह से राघोपुर दियारा (4.57 किमी) का काम पूरा हो चुका है। दूसरे चरण में हाजीपुर-महनार पथ से चकसिकन्दर तक और तीसरे चरण में राघोपुर दियारा से हाजीपुर-महनार पथ का निर्माण किया जा रहा है। वर्तमान में परियोजना की प्रगति 85 प्रतिशत है और शेष कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। इस मौके पर कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और पूर्व विधायक सतीश राय भी उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें : ‘भाभी जी’ अपने घर में तैयार करती थी ब्राउन शुगर, रिमांड में उगले कई राज… जानें
इसे भी पढ़ें : बीमार पिता के ऑपरेशन को भटकता रहा SI, योजना और एसोसिएशन से हुआ निराश, बोला- सब लॉलीपॉप

