अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार की राजधानी पटना अब देश के खेल मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बनाने जा रहा है। मोइनुल हक स्टेडियम का पुनर्विकास कर इसे भारत का दूसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 500 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह स्टेडियम गुजरात के अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम के बाद देश का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम होगा।
अगस्त 2025 से शुरू हो सकता है निर्माण कार्य
स्टेडियम निर्माण का कार्य अगस्त 2025 से शुरू होने की संभावना है। फिलहाल इसकी टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इस परियोजना को तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसका काम बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सहयोग से किया जाएगा।
40 हजार दर्शकों के बैठने की होगी क्षमता
पुनर्निर्माण के बाद नया मोइनुल हक स्टेडियम 40,000 दर्शकों की क्षमता वाला एक अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स होगा। यह आईसीसी और बीसीसीआई के सभी मानकों पर खरा उतरेगा। खास बात यह है कि इसमें दो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदान होंगे। खिलाड़ियों के लिए जिम, ड्रेसिंग रूम, स्पा, प्रैक्टिस नेट, वीडियो विश्लेषण सुविधा, हॉस्टल, इनडोर प्रैक्टिस एरिया और सेमिनार हॉल जैसी आधुनिक सुविधाएँ भी मौजूद होंगी। स्टेडियम परिसर में बैडमिंटन और वॉलीबॉल कोर्ट के साथ एक फाइव-स्टार होटल और क्लब हाउस का भी निर्माण किया जाएगा। यह स्टेडियम न केवल क्रिकेट को बढ़ावा देगा, बल्कि यह एक बहुउद्देश्यीय खेल परिसर के रूप में भी कार्य करेगा।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच और आईपीएल का हो सकेगा आयोजन
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश तिवारी ने बताया कि इस स्टेडियम के बन जाने के बाद पटना में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच और आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट आयोजित किए जा सकेंगे। इसके रखरखाव पर सालाना करीब 20 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। स्टेडियम निर्माण के लिए कुछ मौजूदा संरचनाओं जैसे कदमकुआं पुलिस स्टेशन और साई प्रशिक्षण केंद्र को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ें : रांची और पटना के कई ठिकानों पर ED की रेड



