अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Vaishali (Bihar) : वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के किरतपुर धनिया गांव में एक युवक ने अपनी गर्भवती पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और फरार हो गया। मृतका की पहचान शब्बो खातून (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पांच महीने की गर्भवती थी। आरोपी पति मोहम्मद इम्तियाज बलिगांव थाना क्षेत्र के चिकनौटा गांव का रहने वाला है। फिलहाल वह फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। यह घटना किरतपुर धनिया गांव में घटी, जो मृतका का मायका है। परिजनों के अनुसार, शब्बो गर्भवती होने की वजह से कुछ दिनों से मायके में रह रही थी। उसका पति इम्तियाज भी वहीं ठहरा हुआ था। शनिवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिवार वालों ने दरवाजा खोला। अंदर का दृश्य देखकर सबके होश उड़ गए – शब्बो का शव फंदे से झूल रहा था।
शब्बो के पिता ने बताया कि इम्तियाज लगातार अपाचे बाइक की मांग कर रहा था और बेटी के जरिए दबाव बना रहा था। परिवार के बाइक देने में असमर्थ रहने पर वह अक्सर धमकी देता था कि वह शब्बो की हत्या कर देगा। शनिवार को उसने अपनी धमकी को अंजाम दे दिया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची भगवानपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी इम्तियाज हाल ही में जेल से छूटा था। उस पर गांव की एक लड़की के अपहरण का आरोप था, जिस मामले में वह पहले जेल जा चुका है।
इस घटना के बाद से मृतका के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। एक तरफ जहां शब्बो की जान गई, वहीं उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : चोरी के गहने बैंक में गिरवी रख ले लिया लोन, पति-पत्नी धराये तो खुला राज



