अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में आने वाले चार सालों के भीतर दूध उत्पादन की तस्वीर पूरी तरह बदलने वाली है। राज्य सरकार ने वर्ष 2030 तक बिहार में प्रतिदिन एक करोड़ लीटर दूध उत्पादन का बड़ा लक्ष्य तय किया है। गुरुवार को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के मौके पर राजधानी पटना में आयोजित एक खास कार्यक्रम में सीएम सम्राट चौधरी ने यह ऐलान किया। उन्होंने साफ कहा कि सरकार का मकसद बिहार को दूध उत्पादन में पूरी तरह आत्मनिर्भर बनाना और देश के सबसे आगे रहने वाले राज्यों की कतार में खड़ा करना है। अभी बिहार में हर दिन करीब 48 लाख लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है। यानी अगले चार वर्षों में राज्य सरकार इसे दोगुने से भी ज्यादा करने की तैयारी में है। इस कार्यक्रम का उद्घाटन सीएम सम्राट चौधरी और केंद्रीय पंचायती राज एवं पशुपालन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

पशुपालन और डेयरी से गांव की अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि दूध का उत्पादन सिर्फ एक कारोबार नहीं है, बल्कि यह गांव की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, किसानों की आमदनी बढ़ाने और महिलाओं को आर्थिक रूप से अपने पैरों पर खड़ा करने का सबसे बड़ा जरिया है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार पशुपालन और डेयरी सेक्टर को आगे बढ़ाने के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है। एक करोड़ लीटर प्रतिदिन के लक्ष्य को पाने के लिए गांव-गांव में दूध इकट्ठा करने की व्यवस्था को और दुरुस्त किया जाएगा। सीएम ने बताया कि अच्छी नस्ल की गाय और भैंस खरीदने के लिए सरकार मुख्यमंत्री गौधन योजना चला रही है। इस योजना के तहत पशुपालकों को आर्थिक मदद दी जा रही है, ताकि वे अपना रोजगार शुरू कर सकें और ज्यादा दूध देने वाले मवेशी पालकर अपनी कमाई बढ़ा सकें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की चर्चा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों की वजह से पिछले 12 सालों में पूरे देश में दूध का उत्पादन करीब दोगुना हो गया है। आज दुनिया के कुल दूध उत्पादन का करीब एक चौथाई हिस्सा अकेले भारत में पैदा हो रहा है, जो हमारे देश के किसानों और पशुपालकों की मेहनत का नतीजा है।

असम के बाद बंगाल में लगेगा सुधा का प्लांट, बकरी के दूध पर भी फोकस
सीएम ने बिहार राज्य दुग्ध सहकारी संघ यानी कॉम्फेड और उसके लोकप्रिय ब्रांड सुधा के कामकाज की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सुधा ने अपनी शुद्धता और गुणवत्ता के दम पर पूरे देश में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। सुधा के कारोबार के विस्तार की जानकारी देते हुए सीएम ने बताया कि असम में एक लाख लीटर क्षमता का प्रोसेसिंग यूनिट पहले ही लगाया जा चुका है। अब बहुत जल्द पश्चिम बंगाल में भी एक लाख लीटर क्षमता का नया प्रोसेसिंग प्लांट शुरू किया जाएगा। दूसरे राज्यों में प्लांट लगने से बिहार के दूध उत्पादक किसानों को एक बड़ा बाजार मिलेगा और राज्य की आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी। इसके साथ ही मखाना की खीर और रबड़ी जैसे बिहार के पारंपरिक और स्थानीय व्यंजनों को भी सुधा के जरिए देशभर के बाजारों में पहुंचाया जा रहा है।
राज्य सरकार अब गाय और भैंस के साथ बकरी पालन को भी बड़े पैमाने पर बढ़ावा देने जा रही है। सीएम ने कहा कि बकरी पालन ग्रामीण परिवारों की आमदनी बढ़ाने का एक बहुत ही आसान और कारगर तरीका है। इसके लिए सुधा के माध्यम से रोजाना एक लाख लीटर बकरी का दूध इकट्ठा करने और उसे बाजार में बेचने का लक्ष्य रखा गया है। सीएम ने समस्तीपुर जिले की खास तौर पर सराहना करते हुए कहा कि समस्तीपुर आज बिहार में दूध उत्पादन के मामले में सबसे आगे है और राज्य के बाकी जिलों को भी इससे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

हर प्रखंड में खुलेंगे पशु औषधि केंद्र, एक करोड़ महिलाएं बनेंगी लखपति दीदी
पशुपालकों को अपने मवेशियों के इलाज में होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। सीएम ने ऐलान किया कि बिहार के हर प्रखंड में पशु औषधि केंद्र खोले जाएंगे। इससे गांव के पशुपालकों को मवेशियों की दवाइयों और इलाज के लिए शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उन्हें प्रखंड स्तर पर ही सारी सुविधाएं आसानी से मिल जाएंगी। ग्रामीण इलाकों में महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए गांव-गांव में पशु सखी तैयार की जा रही हैं, जो पशुपालकों को मवेशियों की देखभाल में मदद और सही सलाह देंगी।
सीएम ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि बिहार में अब तक 50 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2030 से पहले राज्य की एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जाए। पशुपालन और डेयरी के काम से जुड़कर महिलाओं को हर महीने नियमित आमदनी होगी, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति सुधरेगी। इसके अलावा मवेशियों के गोबर और कचरे का सही इस्तेमाल करने के लिए सरकार ने कंप्रेस्ड बायोगैस नीति भी बनाई है। इससे राज्य में जैविक खाद और स्वच्छ ऊर्जा के उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।

संविधान दिवस पर दी बधाई, गोपाल रत्न विजेताओं का हुआ सम्मान
अपने संबोधन के दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने संविधान दिवस का जिक्र करते हुए संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को नमन किया। उन्होंने कहा कि संविधान हमें बराबरी का हक, सामाजिक न्याय और देश के निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत और पूर्व सीएम नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को साकार करने के लिए हम सभी को मिलकर काम करना होगा और इसमें किसानों तथा पशुपालकों की भूमिका सबसे अहम है। भाषण के आखिर में उन्होंने कहा कि श्वेत क्रांति की धारा से हर आंगन में उजियारा हो, पशुपालक हों खुशहाल यहां, समृद्ध बिहार हमारा हो।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, राज्य के डेयरी एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, केंद्रीय पशुपालन सचिव नरेशपाल गंगवार, विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, एनडीडीबी के अध्यक्ष मीनेश शाह और केंद्रीय पशुपालन आयुक्त डॉ. बी. महेश्वरप्पा नवीन समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य सचिव ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया। समारोह के दौरान सीएम और केंद्रीय मंत्री ने कॉम्फेड सहित देश के अलग-अलग राज्यों से आए दुग्ध उत्पादक संघों के स्टॉल का निरीक्षण किया और राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार 2026 के विजेताओं को सम्मानित भी किया।
इसे भी पढ़ें : पलायन की ट्रेन पर उद्योग चिमनियों की ब्रेक, बिहार के 17 जिलों में 21600 करोड़ का निवेश







