अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनाए जाने पर बुधवार को प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि द्रौपदी मुर्मू एक आदिवासी महिला हैं। एक आदिवासी महिला को देश के सर्वोच्च पद के लिए उम्मीदवार बनाया जाना बहुत खुशी की बात है।
द्रौपदी मुर्मू मूलतः उड़ीसा की रहने वाली हैं। उड़ीसा सरकार में मंत्री के रूप में उन्होंने अपने दायित्वों का बेहतर निर्वहन किया था। उसके पश्चात झारखंड की राज्यपाल के रूप में भी उनकी भूमिका सराहनीय रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कल प्रधानमंत्री मोदी ने बात कर इसकी जानकारी उन्हें दी थी कि द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनायी जा रही हैं। प्रधानमंत्री को भी इसके लिए हृदय से धन्यवाद। इसके पूर्व जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ़ ललन सिंह ने स्पष्ट किया कि जदयू का पूरा समर्थन द्रौपदी मुर्मू को रहेगा।

