अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Sitamarhi (Krishna Thakur) : सुरसंड नगर पंचायत में इस बार गणेशोत्सव को लेकर गजब का उत्साह दिख रहा है। बाबा गरीबनाथ मंदिर परिसर स्थित दुर्गा मंडप में 15 से 21 सितंबर तक बप्पा यानी भगवान गणेश की पूजा-अर्चना और भव्य मेले का आयोजन होगा। बप्पा के स्वागत के लिए पंडाल से लेकर पूरे बाजार क्षेत्र को सजाया जा रहा है। आयोजन को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए रविवार को सुरसंड थाना परिसर में शांति समिति की अहम बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख चंदन कुमार उर्फ गुड्डू सिंह ने की। बैठक में हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के लोगों ने एक सुर में प्रशासन को भरोसा दिया कि हर साल की तरह इस बार भी त्योहार पूरे भाईचारे और उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
पूजा समिति ने उठाईं बुनियादी जरूरतें, 9 सूत्री मांग पत्र सौंपा
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए गणपति पूजा समिति के अध्यक्ष गुड्डू श्रीवास्तव और सचिव निशांत कुमार ने थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता को 9 सूत्री मांग पत्र सौंपा। समिति के पदाधिकारियों ने साफ कहा कि सात दिनों तक चलने वाले इस बड़े उत्सव में दूर-दराज से लोग पहुंचेंगे। ऐसे में मेला परिसर में 24 घंटे पीने के साफ पानी, रोशनी और अस्थायी शौचालयों का पुख्ता इंतजाम होना चाहिए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए परिसर में 24 घंटे प्राथमिक चिकित्सा शिविर चालू रखने की मांग की गई। इसके अलावा बारिश की वजह से होने वाले जलजमाव को रोकने के लिए मैदान में मिट्टी भराई और भीड़ को संभालने के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर टावर चौक से श्री राम चौक तक मजबूत बैरिकेडिंग लगाने की बात रखी गई। नेपाल सीमा नजदीक होने की वजह से शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग से विशेष जांच अभियान चलाने की भी अपील की गई है।

बैठक से प्रमुख अफसरों के नदारद रहने पर लोगों ने जताई नाराजगी
शांति समिति की इतनी महत्वपूर्ण बैठक में कई प्रशासनिक अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर स्थानीय लोगों और समिति के सदस्यों ने कड़ा ऐतराज जताया। पूजा समिति के सचिव निशांत कुमार ने नाराजगी जताते हुए कहा कि मेले की ज्यादातर व्यवस्थाएं नगर पंचायत, प्रखंड कार्यालय और स्थानीय अस्पताल से जुड़ी हैं। इसके बावजूद बैठक में बीडीओ, सीओ, चिकित्सा प्रभारी और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी या उनका कोई प्रतिनिधि तक नहीं पहुंचा। लोगों का कहना था कि जब जमीन पर काम करने वाले अफसर ही बैठक से दूरी बना लेंगे, तो मेले में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की समस्याओं का समाधान समय पर कैसे होगा।
सुरक्षा के कड़े पहरे में निकलेगा बप्पा का कारवां, दो शिफ्ट में होगी निगरानी
थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता ने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन हर स्तर पर पूरी तरह मुस्तैद है। पूजा के पहले दिन से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। मेले और संवेदनशील इलाकों में निगरानी के लिए 6 दंडाधिकारियों की तैनाती दो अलग-अलग शिफ्टों में की गई है। पुलिस बल के जवान सादी वर्दी में भी असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगे।
बैठक में गणपति पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार (डिश), उपाध्यक्ष मिंटू कुमार, सचिव निशांत कुमार, उपसचिव पंकज पोद्दार, कोषाध्यक्ष जय श्री, पूजक रवि ठाकुर, पूर्व सरपंच ई. मिथिलेश राणा, प्रखंड उपप्रमुख प्रतिनिधि किशन कुमार ठाकुर, बैजू शर्मा, चंदन ठाकुर, विमलेश मेहता, संजय आर्यन और संजय कुमार मौजूद थे। इनके साथ ही वार्ड पार्षद कुंदन कुमार, दीपक कुमार, सुबोध कुमार, मो. नसीबुल हक, मो. अब्बास, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मुबारक अंसारी, अपर थानेदार मुकेश कुमार सिंह, एसआई अभिजीत कुमार सिंह, राजीव कुमार पांडेय, विनोद कुमार और रौशन झा समेत दोनों समुदायों के गणमान्य लोग शामिल रहे।
इसे भी पढ़ें : सुरसंड मुखिया संघ अध्यक्ष से मांगी रंगदारी, पुलिस ने तीन को दबोचा

