अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Araria (Farbisganj) : फारबिसगंज प्लस टू ली अकादमी उच्च विद्यालय में सोमवार को बड़ा हंगामा हुआ। स्कूल के किरानी कुणाल कुमार पर नौवीं कक्षा की एक छात्रा के साथ छेड़खानी का आरोप लगा, जिसके बाद आक्रोशित अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर उसकी जमकर पिटाई कर दी।
अभिभावक पहुंचे स्कूल
आरोप है कि कुणाल कुमार विद्यालय की नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा समेत कई छात्राओं से आए दिन छेड़खानी करता था। पीड़ित छात्रा ने इसकी जानकारी अपने अभिभावक को दी। इसके बाद सोमवार को अभिभावक स्कूल पहुंचे और पहले कुणाल कुमार की पिटाई की। बाद में उन्होंने पूरे मामले की जानकारी स्कूल प्रबंधन और पुलिस को भी दी।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही फारबिसगंज थाना पुलिस को स्कूल प्रबंधन ने खबर दी। सूचना पर डायल 112 टीम और टाइगर मोबाइल के जवान स्कूल पहुंचे और गुस्साए अभिभावकों को शांत कराया। वहीं पिटाई से घायल कुणाल कुमार को इलाज के लिए फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया।
स्कूल प्रबंधन का बयान
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नगमा रूही ने कहा कि आरोपी कुणाल कुमार विद्यालय में किरानी के पद पर कार्यरत है। छात्रा और अभिभावकों की शिकायत पर हंगामा हुआ और अभिभावकों ने उसकी पिटाई की। प्रधानाध्यापिका ने बताया कि मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी जा रही है और पूरे प्रकरण की जांच करवाई जाएगी।
जांच की मांग
स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि आरोपी की हरकतें लंबे समय से छात्राओं के बीच चर्चा का विषय थीं। अब जब मामला खुलकर सामने आया है तो इसकी गहन जांच कर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें : 11 IAS अधिकारियों को मिली नयी पोस्टिंग… देखें लिस्ट



