अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Samastipur : समस्तीपुर रेल मंडल से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। बेतिया-मझौलिया रेलखंड पर दोहरीकरण के लिए नॉन इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य किया जा रहा है। इस काम की वजह से 2 और 3 जुलाई 2026 को कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है, जबकि कई लंबी दूरी की ट्रेनों का मार्ग बदल दिया गया है। कुछ ट्रेनों का आंशिक समापन और आंशिक प्रारंभ भी किया जाएगा।रेल मंडल के मीडिया प्रभारी आर.के. सिंह ने बताया कि यह बदलाव अस्थायी है और यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की जानकारी जरूर लेनी चाहिए।
कुछ पैसेंजर ट्रेनें रहेंगी रद्द
एनआई कार्य के दौरान नरकटियागंज और मुजफ्फरपुर के बीच चलने वाली कई पैसेंजर ट्रेनों का संचालन 2 और 3 जुलाई को पूरी तरह बंद रहेगा। इनमें 63342 नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर पैसेंजर, 63309 मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज पैसेंजर और 63341 मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज पैसेंजर शामिल हैं।इसके अलावा चंपारण सत्याग्रह एक्सप्रेस और मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज एक्सप्रेस का आंशिक संचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों का समापन और प्रारंभ बीच के स्टेशनों से होगा।
कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का बदला गया रूट
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाने का फैसला लिया है। इनमें अमृत भारत एक्सप्रेस, जननायक एक्सप्रेस, सप्त क्रांति एक्सप्रेस, वंदे भारत एक्सप्रेस, अवध एक्सप्रेस और चंपारण हमसफर एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं।इन ट्रेनों को नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल, सुगौली और सीतामढ़ी के रास्ते चलाया जाएगा। वहीं कोलकाता-अमृतसर स्पेशल को मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, छपरा और गोरखपुर के रास्ते चलाया जाएगा।
दो एक्सप्रेस ट्रेनें देरी से चलेंगी
मुजफ्फरपुर से 3 जुलाई को रवाना होने वाली 12557 सप्त क्रांति एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से तीन घंटे की देरी से चलेगी। वहीं 12211 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस दो घंटे देरी से रवाना होगी।
रेलवे की यात्रियों से अपील
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन जाने से पहले अपनी ट्रेन का समय, रूट और वर्तमान स्थिति जरूर जांच लें। इसके लिए रेलवे के पूछताछ केंद्र, हेल्पलाइन और आधिकारिक माध्यमों का उपयोग करें। इससे यात्रा के दौरान होने वाली असुविधा से बचा जा सकेगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि बिना जानकारी के यात्रा शुरू न करें, क्योंकि एनआई कार्य पूरा होने तक ट्रेनों के संचालन में यह अस्थायी बदलाव लागू रहेगा।

