अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Bihar : जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर (PK) ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कर दिया कि वे इस बार खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे। PK ने कहा कि यह फैसला पार्टी के संगठनात्मक हित में लिया गया है ताकि पूरी ताकत संगठन और उम्मीदवारों को मजबूत करने में लगाई जा सके।
राघोपुर से उतरेगा दूसरा उम्मीदवार
कई महीनों से यह चर्चा थी कि प्रशांत किशोर राघोपुर सीट से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं, लेकिन उन्होंने यह अटकल खत्म कर दी। उन्होंने कहा कि राघोपुर से जन सुराज पार्टी का कोई अन्य उम्मीदवार चुनाव लड़ेगा। साथ ही PK ने चुनौती भरे अंदाज में कहा — “अगर जन सुराज को 150 से ज्यादा सीटें नहीं मिलतीं, तो मैं इसे अपनी हार मानूंगा।”
बिहार को टॉप 10 राज्यों में लाने का वादा
प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि जन सुराज की सरकार बनने के बाद बिहार को देश के टॉप 10 विकसित राज्यों में शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पार्टी का लक्ष्य केवल सत्ता पाना नहीं, बल्कि बिहार की प्रशासनिक व्यवस्था और विकास मॉडल को बदलना है।
NDA और महागठबंधन पर साधा निशाना
PK ने अपने बयान में NDA पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार NDA में सीट बंटवारे को लेकर अराजकता मची हुई है और नीतीश कुमार की सत्ता में वापसी बेहद मुश्किल है। वहीं, महागठबंधन की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस के बीच खींचतान साफ नजर आ रही है और VIP पार्टी की भूमिका अब भी अनिश्चित है।
जन सुराज की रणनीति पर फोकस
प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज चुनाव से ज्यादा बिहार के लोगों के लिए विकल्प बनने पर फोकस कर रही है। उनका कहना है कि जनता इस बार विकास और नयी राजनीति को चुनेगी, न कि जाति और गठबंधन की राजनीति को।
इसे भी पढ़ें : बिहार विस चुनाव 2025 : तेजस्वी यादव ने राघोपुर सीट से भरा पर्चा

