अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Siwan : सिवान के लोगों के लिए पासपोर्ट बनवाने के लिए लंबा इंतजार और दूसरे शहरों के चक्कर लगाने की परेशानी अब काफी हद तक कम होने वाली है। विदेश मंत्रालय के “पासपोर्ट सेवा आपके द्वार” अभियान के तहत क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना 23 से 25 अगस्त 2026 तक सिवान समाहरणालय परिसर में तीन दिवसीय पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर लगाएगा। इस विशेष कैंप में जिले के लोग अपने घर के नजदीक ही पासपोर्ट से जुड़ी सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर सकेंगे। यह पहल उन लोगों के लिए राहत लेकर आई है, जिन्हें पासपोर्ट बनवाने के लिए कई बार अपॉइंटमेंट और लंबी दूरी की यात्रा करनी पड़ती थी। विदेश मंत्रालय का कहना है कि सरकार की कोशिश है कि सरकारी सेवाएं लोगों तक उनके शहर और जिले में ही पहुंचें। इसी सोच के तहत अलग-अलग जिलों में मोबाइल वैन शिविर लगाए जा रहे हैं।
डाकघर पासपोर्ट केंद्र पर बढ़ी भीड़, इसलिए लगाया गया विशेष कैंप
सिवान के डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK) में लगातार बड़ी संख्या में आवेदन आ रहे हैं। बढ़ती भीड़ और लोगों की सुविधा को देखते हुए यह विशेष मोबाइल वैन कैंप आयोजित किया जा रहा है। जिला प्रशासन भी इसमें पूरा सहयोग कर रहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को समय पर पासपोर्ट सेवा मिल सके। 23 अगस्त को शिविर का उद्घाटन सिवान के जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय और क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी स्वधा रिज़वी संयुक्त रूप से करेंगे। इसके बाद तीनों दिन पासपोर्ट आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इस शिविर में कुल 165 अपॉइंटमेंट तय किए गए हैं। यानी प्रतिदिन 55 आवेदकों के आवेदन लिए जाएंगे। इच्छुक लोगों को पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेना होगा। अपॉइंटमेंट बुक करते समय स्थान के रूप में “Passport Seva Mobile Van Camp, Collectorate Campus – Siwan” का चयन करना होगा।

समय पर पहुंचें, दस्तावेज पूरे रखें, नया शुल्क होगा लागू
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने साफ किया है कि आवेदन केवल पासपोर्ट सेवा पोर्टल के जरिए लिए गए अपॉइंटमेंट के आधार पर ही स्वीकार किए जाएंगे। इसलिए आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे पहले से ऑनलाइन स्लॉट बुक करें और शिविर में आने से पहले सभी जरूरी दस्तावेजों की जांच कर लें। अधिकारियों ने यह भी कहा है कि अपॉइंटमेंट पत्र में दिए गए समय के अनुसार ही शिविर स्थल पर पहुंचें। इससे भीड़ कम होगी और सभी लोगों को आसानी से सेवा मिल सकेगी। शिविर में 1 जुलाई 2026 से लागू संशोधित पासपोर्ट शुल्क ही प्रभावी रहेगा। इसलिए आवेदन करने से पहले शुल्क और पात्रता से जुड़े नियमों की जानकारी जरूर देख लें।
दो साल में 20 कैंप, 2700 से ज्यादा लोगों को मिला फायदा
अप्रैल 2024 से अब तक क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना की ओर से यह 20वां पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर आयोजित किया जा रहा है। इन शिविरों के जरिए बिहार के अलग-अलग जिलों और संस्थानों में करीब 2700 पासपोर्ट आवेदनों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है। सिवान में यह तीसरा मोबाइल वैन कैंप होगा। इससे पहले दिसंबर 2024 और जनवरी 2025 में आयोजित शिविरों को लोगों का अच्छा सहयोग मिला था। लगातार बढ़ती मांग को देखते हुए एक बार फिर यह विशेष व्यवस्था की गई है।
विदेश मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे पासपोर्ट से जुड़ी जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से ही लें। साथ ही किसी भी अनधिकृत एजेंट या बिचौलिये के झांसे में न आएं। आवेदन प्रक्रिया को और आसान बनाने के लिए पात्र आवेदकों को डिजिलॉकर के माध्यम से दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे दस्तावेजों का सत्यापन तेजी से हो सके और आवेदन का निपटारा जल्द किया जा सके।
इसे भी पढ़ें : लखीसराय में तीन रोज का स्पेशल पासपोर्ट कैंप, घर बैठे ऐसे बुक करें स्लॉट



