अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : पटना के IGIMS यानि इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान को जल्द ही एक नया और आधुनिक रूप मिलने वाला है। बिहार सरकार के स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने शुक्रवार को खुद IGIMS परिसर का दौरा किया और वहां चल रहे पुनर्विकास और विस्तार के कामों को करीब से देखा। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के साथ एक हाई-लेवल मीटिंग भी की, जिसमें काम की रफ्तार बढ़ाने को लेकर कई कड़े निर्देश दिए गए।
3 महीने में तैयार होगा 500 बेड का टीचिंग अस्पताल
स्वास्थ्य सचिव ने साफ लफ्जों में कहा कि निर्माणाधीन 500 बेड वाले टीचिंग अस्पताल का काम हर हाल में अगले 3 महीने के भीतर पूरा हो जाना चाहिए। उन्होंने काम में किसी भी तरह की ढिलाई न बरतने की चेतावनी दी और कहा कि अब से हर हफ्ते इस प्रोजेक्ट की प्रगति की समीक्षा की जाएगी, ताकि काम समय पर खत्म हो सके।

31 अगस्त तक पूरा करना होगा HVAC का काम
अस्पताल के अंदर और बाहर के वेंटिलेशन और एयर कंडीशनिंग (HVAC) के काम को लेकर स्वास्थ्य सचिव ने सख्त निर्देश दिए हैं। इसके लिए 31 अगस्त 2026 की आखिरी तारीख तय की गई है। उन्होंने एजेंसी से कहा कि चिलर प्लांट, कूलिंग टावर, पंप, वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाने और पाइपिंग व डक्टिंग जैसे बचे हुए सभी कामों को पहली प्राथमिकता पर रखकर तेजी से निपटाएं।

1200 बेड वाले अस्पताल का 59% काम पूरा
समीक्षा बैठक के दौरान प्रेजेंटेशन के जरिए बाकी प्रोजेक्ट्स की स्थिति भी दिखाई गई। अधिकारियों ने बताया कि परिसर में बन रहे 1200 बेड वाले बड़े अस्पताल, हॉस्टल और स्टाफ के रहने के लिए आवासीय भवनों का लगभग 59.24 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इस पर स्वास्थ्य सचिव ने बाकी बचे काम को भी तय समय के अंदर और अच्छी क्वालिटी के साथ पूरा करने को कहा।

जनता को जल्द मिलेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं
बैठक के आखिरी में स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि ने दोहराया कि बिहार सरकार राज्य के लोगों को बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह से गंभीर है। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को दोटूक कहा कि जनता का हित सबसे ऊपर है, इसलिए सभी प्रोजेक्ट्स को बिना किसी देरी के और पूरी मजबूती के साथ समय पर पूरा करें, ताकि लोगों को जल्द से जल्द इन आधुनिक सुविधाओं का फायदा मिल सके।
इसे भी पढ़ें : बिहार में हेल्थ सेक्टर को बड़ा बूस्ट, 446 विशेषज्ञ डॉक्टरों की पोस्टिंग का आदेश जारी

