अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र का नयासराय गांव 28 फरवरी की रात अचानक मारधाड़ और चीख-चित्कार से दहल उठा। रात गहराते ही गांव में दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। इस हिंसक हमले में 57 वर्षीय जाकिर अंसारी और उनके बेटे को निशाना बनाया गया। हमलावरों ने लाठी-डंडों और हथियारों के बल पर हमला कर दिया, जिसमें बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल दलादली स्थित एस्टन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
30 नामजद, 10-15 अज्ञात पर केस
घटना के बाद जाकिर अंसारी के आवेदन पर विधानसभा थाना में कांड दर्ज किया गया। प्राथमिकी में 30 नामजद और 10-15 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और स्थानीय वर्चस्व को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि आधिकारिक रूप से पुलिस ने अभी किसी एक कारण की पुष्टि नहीं की है।
रातभर चली घेराबंदी, 12 गिरफ्तार
सूचना मिलते ही विधानसभा थाना की टीम हरकत में आ गई। हटिया डीएसपी पी.के. मिश्रा के नेतृत्व में कई थानों की संयुक्त टीम ने गांव और आसपास के इलाकों की घेराबंदी की। छापेमारी के दौरान 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में छोटू खालखो, कुलदीप खलखो, बबलू कुजूर, शुभम प्रजापती उर्फ मित्तल प्रजापती, कमलेश महली, चंदन टोप्पो, राज किशोर उरांव, प्रदीप लोहार, सुमित कुमार सिंह, मुकेश कुमार, रवि कुमार और दिलजन मुण्डा शामिल हैं। दो आरोपी अरुण खलखो और अजय तिर्की घायल अवस्था में अस्पताल में इलाजरत हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
हथियार और लग्जरी गाड़ियां बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 3.15 बोर की फोल्डेबल राइफल, एक देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस (7 एमएम) और एक खाली मैगजीन जब्त की। इसके अलावा दो स्कॉर्पियो, एक फॉर्च्यूनर और एक बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। 12 मोबाइल फोन की बरामदगी से यह संकेत मिल रहा है कि हमले की साजिश संगठित तरीके से रची गई थी। पुलिस अब इन मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और डिजिटल साक्ष्यों की जांच में जुटी है।
रांची के नयासराय गांव में जाकिर अंसारी और उनके बेटे पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से राइफल, पिस्टल, कारतूस और लग्जरी गाड़ियां बरामद। सिटी एसपी पारस राणा क्या बता गये… देखें pic.twitter.com/L15CaIkFb4
— News Samvad (@newssamvaad) March 2, 2026
कई थानों की संयुक्त कार्रवाई
इस ऑपरेशन में हटिया डीएसपी के नेतृत्व में रातू, नगड़ी, खेलगांव और दलादली ओपी की पुलिस टीम शामिल रही। टीम में हटिया डीएसपी पीके मिश्रा, रातू थानेदार राम नारायण सिंह, विधानसभा थाना प्रभारी गणेश यादव, नगड़ी थाना प्रभारी प्रवीण कुमारी, खेलगांव थाना प्रभारी अभिषेक राय, दलादली ओपी प्रभारी सत्य प्रकाश उपाध्याय, एसआई आनंद पंडित, दिनेश कुमार, मो. फिरोज और सिपाही अमरेन्द्र कुमार शामिल थे।
इसे भी पढ़ें : होली को लेकर डीसी की दो टूक- बख्शे नहीं जायेंगे माहौल खराब करने वाले

