अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ के कुजू रांची-पटना मुख्य मार्ग NH-33 पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। कुजू नया मोड़ स्थित सरना चौक के पास तेज रफ्तार 22 चक्का हाइवा ने बाइक सवार को कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और एनएच-33 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
शाम करीब 5 बजे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हजारीबाग की ओर से रांची जा रहा 22 चक्का हाइवा अचानक बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। मृतक की पहचान केदला निवासी दयानंद सिंह के रूप में हुई है। वह अपनी काले रंग की स्प्लेंडर प्लस बाइक से रामगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सरना चौक के पास तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक वाहन के नीचे जा घुसा। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसा देखते ही आसपास के लोग दौड़ पड़े, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
सड़क पर मची चीख-पुकार
घटना के बाद कुछ देर के लिए पूरा इलाका दहशत में आ गया। सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे के कारण एनएच-33 पर लंबा जाम लग गया। छोटे-बड़े वाहन कई किलोमीटर तक फंसे रहे। लोग सड़क हादसे को लेकर नाराज भी दिखे। स्थानीय लोगों का कहना था कि इस सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार हादसों की वजह बन रही है।
पुलिस ने संभाली स्थिति
सूचना मिलते ही कुजू ओपी के एएसआई आशीष कुमार गौतम और ओमपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ भेज दिया। काफी देर की मशक्कत के बाद सड़क से जाम हटवाया गया और यातायात फिर से सामान्य कराया गया।
चालक वाहन छोड़कर फरार
हादसे के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को जब्त कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि फरार चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि NH-33 पर आए दिन तेज रफ्तार भारी वाहनों की वजह से हादसे हो रहे हैं। खासकर कुजू और रामगढ़ के बीच कई जगहों पर ट्रैफिक दबाव ज्यादा रहता है, लेकिन इसके बावजूद वाहन चालक लापरवाही से गाड़ी चलाते हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है।
इसे भी पढ़ें : मासूम की चीख और पुलिस का कड़ा प्रहार, 4 घंटे के भीतर दरिंदे सलाखों के पीछे

