अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : ग्रामीण इलाकों की महिलाओं के लिए एक बार फिर खुशखबरी है। नीतीश सरकार के ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री रोजगार सहायता योजना के तहत चयनित 25 लाख महिलाओं के बैंक खाते में सोमवार को 10-10 हजार रुपये सीधे भेजे जाएंगे। पैसा डीबीटी यानी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए जाएगा, ताकि किसी तरह की झंझट या बिचौलिया न रहे।
सरकारी आवास से होगा राशि ट्रांसफर
इस खास मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने सरकारी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में एक क्लिक के जरिए राशि अंतरित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारी भी इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे।
इन दिग्गजों की रहेगी मौजूदगी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री द्वय सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा मौजूद रहेंगे। इसके अलावा संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी और ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
अब तक 1.56 करोड़ महिलाओं को मिल चुकी है मदद
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक इस योजना के तहत 1.56 करोड़ महिलाओं के खाते में 10-10 हजार रुपये भेजे जा चुके हैं। सरकार का कहना है कि योजना का मकसद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें छोटे रोजगार शुरू करने में मदद देना है।
चुनाव से पहले हुआ था योजना का बड़ा आगाज
इस योजना की शुरुआत 26 सितंबर को विधानसभा चुनाव से पहले हुई थी। उस दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक साथ 75 लाख महिलाओं के खाते में 7500 करोड़ रुपये अंतरित किए थे। इसके बाद अलग-अलग तिथियों में लगातार राशि भेजी जा रही है।
अगली किस्त की तैयारी शुरू
योजना के प्रावधान के अनुसार, छह महीने पूरे होने के बाद अगली किस्त देने की व्यवस्था है। अब सरकार ने अगली किस्त के तौर पर दो-दो लाख महिलाओं को राशि देने की तैयारी शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इसे लेकर भी आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।
इसे भी पढ़ें : कुख्यात राहुल सिंह का कटप्पा सोनू और RDX के साथ धराया, राजधानी में मचाने वाला था तहलका

