अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : ईरान-इजराइल युद्ध के चलते भारत से मिडिल ईस्ट आने-जाने वाली फ्लाइट्स पर काफी असर पड़ा है। बढ़ते तनाव और एयरस्पेस बंद होने के कारण अब तक 60 से ज्यादा उड़ानें रद्द हो चुकी हैं। दिल्ली एयरपोर्ट से 48 फ्लाइट्स कैंसिल हुई हैं, जबकि जयपुर एयरपोर्ट से 6 फ्लाइट्स रद्द की गई हैं, जिनमें मिडिल ईस्ट के लिए 3-3 उड़ानें शामिल हैं।
लखनऊ एयरपोर्ट से अबु धाबी और शारजाह जाने वाली 2 फ्लाइट्स को यूएई-कतर एयरस्पेस बंद होने के कारण कैंसिल किया गया है। अहमदाबाद एयरपोर्ट से आने वाली 5 फ्लाइट्स भी रद्द की गई हैं, जिनमें लंदन, अबु धाबी, दुबई, कुवैत और दोहा से आने वाली उड़ानें शामिल हैं। इसके अलावा, अमृतसर एयरपोर्ट से दुबई जाने वाली फ्लाइट SG-55 भी रद्द हो गई है।
हालांकि, एअर इंडिया ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि मिडिल ईस्ट के कुछ हिस्सों में हवाई क्षेत्र धीरे-धीरे फिर से खुल रहे हैं, इसलिए एअर इंडिया आज से इस क्षेत्र के लिए उड़ानें फिर से शुरू करेगी। यूरोप से आने-जाने वाली उड़ानें भी आज से धीरे-धीरे फिर से शुरू की जा रही हैं, जबकि अमेरिका और कनाडा के पूर्वी तट से आने-जाने वाली सेवाएं जल्द शुरू होंगी।
23 जून की रात को ईरान ने अपने परमाणु ठिकानों पर हमलों का बदला लेने के लिए कतर में अमेरिका के अल-उदीद एयर मिलिट्री बेस पर 6 मिसाइलें दागी थीं। इसके बाद कतर, बहरीन, यूएई, इराक और कुवैत ने अपना एयर स्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया था।
एयरलाइंस कंपनियों की एडवाइजरी :
- इंडिगो: मिडिल ईस्ट के एयरपोर्ट दोबारा खुलने के साथ, हम वहां के रूट्स पर अपनी सेवाएं सावधानीपूर्वक और धीरे-धीरे फिर से शुरू कर रहे हैं।
- स्पाइसजेट: मिडिल ईस्ट के एयरस्पेस बंद होने के कारण कुछ उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।
- अकासा एयर: मौजूदा स्थिति के कारण मिडिल ईस्ट जाने और वहां से आने वाली उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।
इजराइल से 160 भारतीयों को ला रही फ्लाइट :
इजराइल से रविवार को 160 भारतीयों को लेकर जॉर्डन पहुंचा विमान नई दिल्ली लौटते वक्त कुवैत डायवर्ट कर दिया गया। फ्लाइट नंबर J91254, जो सोमवार को दोपहर करीब 2:30 बजे अम्मान से कुवैत और फिर दिल्ली के लिए रवाना हुई थी, उसे 22 जून को ईरानी हमलों के बाद बीच रास्ते में ही दिशा बदलकर कुवैत लौटना पड़ा।
एअर इंडिया ने मिडिल ईस्ट की सभी उड़ानें रोकीं :
कतर में अमेरिकी मिलिट्री बेस पर ईरानी हमले के बाद एअर इंडिया ने मिडिल ईस्ट के लिए अपनी सभी फ्लाइट्स तुरंत रोक दी हैं। एयरलाइन ने कहा कि कतर जाने वाली कोई दूसरी फ्लाइट नहीं है और कतर में कोई भी विमान ग्राउंड पर नहीं है। एअर इंडिया एक्सप्रेस की कतर की राजधानी दोहा के लिए 25 वीकली फ्लाइट्स हैं, और इसके पास दोहा से 8 वन-स्टॉप डेस्टिनेशन भी हैं।
इसे भी पढ़ें : बारिश के बाद हिंदपीढ़ी का हाल बेहाल, कांग्रेस नेता ने DC से किया यह आग्रह

