अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित कडरू न्यू एजी कॉलोनी के मंदिर मार्ग में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने आत्महत्या करने की कोशिश की, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
बेटे मिहिर ने लगाई फांसी, मौके पर हुई मौत
परिवार के बेटे मिहिर ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब तक आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मिहिर सीए की पढ़ाई कर रहा था और हाल ही में कोलकाता से रांची लौटा था। बताया जा रहा है कि उसकी नौकरी उषा मार्टिन कंपनी में लगी थी।
मां और 14 साल की बेटी ने खाया जहरीला पदार्थ
घटना के बाद मिहिर की मां स्नेहा अखोरी और उसकी 14 वर्षीय बेटी ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। स्नेहा अखोरी पेशे से झारखंड हाईकोर्ट की अधिवक्ता हैं। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गुरुनानक अस्पताल में चल रहा इलाज
मां और बेटी को गंभीर अवस्था में गुरुनानक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
मौके पर पहुंची पुलिस और FSL टीम
घटना की सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं।
वजह अब भी रहस्य
फिलहाल आत्महत्या की कोशिश के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिवार के परिचितों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मां और बेटी के बयान के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।
इसे भी पढ़ें : ED के रडार पर झारखंड के इन 28 अधिकारियों की संपत्ति

