अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर की चेतावनी के बीच जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत जिले के सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी विद्यालयों में केजी से 12वीं तक की कक्षाओं में पठन पाठन कार्य 5 जनवरी 2026 से 6 जनवरी 2026 तक स्थगित कर दिया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद आदेश
यह निर्णय भारत मौसम विज्ञान विभाग, रांची द्वारा जारी विशेष मौसम बुलेटिन के बाद लिया गया है। मौसम विभाग ने रांची जिले को येलो जोन में रखा है और अगले कुछ दिनों तक भीषण ठंड और शीतलहर की आशंका जताई है। प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सेहत को देखते हुए यह फैसला जरूरी था।
परीक्षा और 10वीं 12वीं की कक्षाओं पर छूट
आदेश में साफ किया गया है कि जिन विद्यालयों में इस अवधि के दौरान परीक्षाएं निर्धारित हैं, वहां परीक्षा कराना या नहीं कराना पूरी तरह विद्यालय प्रबंधन के विवेक पर होगा। इसी तरह 10वीं और 12वीं कक्षा का संचालन भी विद्यालय अपने स्तर पर तय कर सकेंगे।
आदेश का सख्त पालन जरूरी
जिला प्रशासन ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिया है कि आदेश का सख्ती से पालन किया जाए। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सरकारी विद्यालय पहले से ही शीतकालीन अवकाश के कारण 5 जनवरी तक बंद हैं। हालांकि 6 जनवरी को सरकारी विद्यालय शिक्षकों के लिए खुले रहेंगे।
6 जनवरी को शिक्षक रहेंगे उपस्थित
6 जनवरी को सरकारी विद्यालयों में शिक्षक उपस्थित होकर eVV पोर्टल पर अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे। इस दौरान शिक्षकों द्वारा गैर शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन किया जाएगा, जबकि छात्रों के लिए विद्यालय बंद रहेंगे।
इसे भी पढ़ें : CEC ज्ञानेश कुमार पहुंचे देवघर, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ भव्य स्वागत



