अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Hazaribagh : झारखंड के हजारीबाग जिले के हबीबी नगर इलाके में मंगलवार को एक भयंकर ब्लास्ट हुआ। यह घटना बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र में हुई। विस्फोट इतना तेज था कि पूरे इलाके में अफरा तफरी मच गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना में दो महिलाएं और एक पुरुष की जान चली गई। मृतकों की पहचान रशीदा परवीन पति मुस्ताक, नन्ही परवीन पति सद्दाम और सद्दाम पिता युनूस के रूप में हुई है। सद्दाम और नन्ही परवीन पति पत्नी थे।
झाड़ी साफ करते समय हुआ धमाका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्थानीय लोग इलाके में झाड़ी साफ कर रहे थे। इसी दौरान अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। आशंका जताई जा रही है कि झाड़ियों में पहले से दबा कोई पुराना विस्फोटक पदार्थ मौजूद था, जो सफाई के दौरान फट गया।
धूप सेंक रही महिला भी आई चपेट में
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक महिला ठंड से बचने के लिए चारदीवारी के पास बैठकर धूप सेंक रही थी। विस्फोट होते ही वह उसकी चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन
घटना की सूचना मिलते ही चार थानों के थाना प्रभारी, दो डीएसपी, स्वान दस्ता और हजारीबाग पुलिस की टेक्निकल टीम मौके पर पहुंची। पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है।
आईजी ऑपरेशन ने दी जानकारी
आईजी ऑपरेशन माइकल राज ने मीडिया को बताया कि विस्फोट में दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत हुई है। मृतकों में एक दंपति भी शामिल है। विस्फोट किस प्रकार का था और कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
विस्फोटक को लेकर स्थिति अभी साफ नहीं
जांच के दौरान अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विस्फोटक किस प्रकार का था। पुलिस हर पहलू से मामले की तहकीकात कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : कोयला कारोबारी के घर गोलियां दागने राहुल दुबे ने यूपी से बुलाये थे शार्प शूटर



