अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के धुर्वा इलाके से लापता मासूम अंश और अंशिका को लेकर पुलिस और प्रशासन की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। कई दिनों की तलाश के बाद भी दोनों बच्चों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।
इनाम की राशि बढ़ाकर दो लाख रुपये की गई
बच्चों की सुरक्षित बरामदगी को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने इनाम की राशि बढ़ा दी है। अब अंश और अंशिका के बारे में सही और पुख्ता जानकारी देने वाले को दो लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। पुलिस का मानना है कि इनाम बढ़ने से लोग आगे आकर सूचना साझा करेंगे।

बच्चों की तलाश में लगातार छापेमारी
पुलिस की टीमें लगातार धुर्वा और आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही हैं। संदिग्ध ठिकानों की गहन जांच की जा रही है। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार, सार्वजनिक स्थानों और शहर से बाहर जाने वाले सभी प्रमुख रास्तों पर कड़ी निगरानी रखी गई है।
रविवार को धुर्वा रहा बंद, लोगों में आक्रोश
मामले को लेकर रविवार को पूरे धुर्वा इलाके में बंद रखा गया। स्थानीय लोगों ने बच्चों की सुरक्षित वापसी की मांग को लेकर दुकानें बंद रखीं। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी के साथ-साथ बच्चों को लेकर गहरी चिंता भी देखी गई।
पुलिस की अपील, सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गोपनीय
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि बच्चों की सुरक्षित वापसी उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर किसी को भी अंश और अंशिका के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इसे भी पढ़ें : शादी से लौट रहे चार लोगों को मिली रूह कंपाने वाली मौ’त… जानें



