अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Garhwa (Nityanand Dubey) : गढ़वा जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गढ़वा-रेहला मुख्य मार्ग पर बेलचम्पा के पास एक तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने स्कॉर्पियो वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
टक्कर इतनी तेज कि वाहन के उड़े परखच्चे
हादसा इतना भयावह था कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के बाद वाहन के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। मौके पर ही चारों की मौत हो गई।
शादी की रस्म से लौट रहे थे सभी लोग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग पलामू जिले के पांडु और गुरी भंडार क्षेत्र के रहने वाले थे। वे झारखंड और उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित बिलासपुर गांव में एक वैवाहिक रस्म बरेछेया कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी लोग स्कॉर्पियो से अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद मचा कोहराम
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में गढ़वा सदर थाना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद निकाले गए शव
पुलिस को शव निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो से शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया गया है।
मातम का माहौल
हादसे की सूचना मिलते ही पलामू जिले में मृतकों के गांवों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।
हाईवा की कर ली गई पहचान
गढ़वा सदर थाना पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। टक्कर मारने वाले हाईवा वाहन की पहचान कर ली गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : AK-47 की सूचना से हिला वासेपुर, गैंगस्टर प्रिंस खान के ठिकानों पर पुलिस ने बोला धावा



