अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची पुलिस ने एक बार फिर अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। 13 अप्रैल की रात मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने स्कॉर्पियो सवार दो युवकों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर एक युवक के कमर से लोडेड पिस्टल और दो जिंदा गोली बरामद हुए। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी को मिली थी गुप्त सूचना
दरअसल, रांची एसएसपी राकेश रंजन को रात में सूचना मिली थी कि काले रंग की स्कॉर्पियो में कुछ अपराधकर्मी हथियार लेकर खलारी से मैक्लुस्कीगंज की तरफ जा रहे हैं। बताया गया था कि वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई और मैक्लुस्कीगंज थाना के गश्ती दल को तुरंत सतर्क कर दिया गया। इसके बाद वाहन चेकिंग लगाने का आदेश दिया गया।
चिनाटांड के पास लगाया गया चेकिंग पॉइंट
मैक्लुस्कीगंज थाना के कनीय पुलिस पदाधिकारी पु०अ०नि० डेगन कुमार अपने सशस्त्र बल के साथ चिनाटांड के पास पहुंच गए और वहीं पर वाहन चेकिंग शुरू कर दी गई। पुलिस हर आने-जाने वाले वाहन को रोककर जांच कर रही थी, ताकि किसी भी संदिग्ध को छोड़ा न जाए।
रात 1 बजे दिखी काली स्कॉर्पियो, पुलिस ने रोका
इसी दौरान रात करीब 01:00 बजे एक काले रंग की स्कॉर्पियो सड़क पर आती दिखाई दी। पुलिस को शक हुआ और तुरंत गाड़ी को रोक लिया गया। गाड़ी में दो युवक बैठे हुए थे। पुलिस ने पहले दोनों से नाम-पता पूछा और फिर तलाशी शुरू की। पकड़े गए युवकों ने अपना नाम रूष्तम अंसारी उर्फ सोनू और मो. जैद अंसारी उर्फ अरमान अंसारी बताया। दोनों खलारी थाना क्षेत्र के जेहलीटांड के रहने वाले हैं।

कमर से निकला 7.65 एमएम का लोडेड पिस्टल
पुलिस ने जब रूष्तम अंसारी की तलाशी ली तो उसके कमर में खोंसकर रखा हुआ 7.65 एमएम का लोडेड पिस्टल मिला। पुलिस ने जब मैगजीन चेक की तो उसमें 02 जिंदा कारतूस भी पाए गए। हथियार बरामद होते ही पुलिस ने दोनों को तुरंत हिरासत में ले लिया।
शादी में जाने की बात कही, फिर खुली असली कहानी
पुलिस की पूछताछ में दोनों युवकों ने पहले बताया कि वे हथियार लेकर बालूमाथ में शादी समारोह में जा रहे थे। लेकिन जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो दोनों ने यह भी कबूल किया कि वे अवैध हथियार खरीदने और बेचने का काम करते हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों के बयान से यह साफ हो गया कि इनके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी हो सकता है।
कई साथियों के नाम उगले, पुलिस ने बनाई अलग टीम
गिरफ्तार युवकों ने पूछताछ में हथियार खरीद-बिक्री करने वाले और कुछ साथियों के बारे में जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए एक अलग टीम बनाई गई है, जो लगातार छापेमारी कर रही है।
इसे भी पढ़ें : एक्शन मोड में DIG अंजनी झा, गैंगस्टरों की रीढ़ तोड़ने का दिया क्लियर आदेश



