अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के मांडर और आसपास के इलाकों में अवैध हथियार का एक ऐसा नेटवर्क चल रहा था, जिसकी डोर तीन युवकों के हाथ में थी। विशाल सिंह, अभिषेक शर्मा और करण गोप… ये तीनों शख्स अब पुलिस की गिरफ्त में हैं, लेकिन इनकी कहानी एक ऐसे गिरोह की तस्वीर सामने ले आई, जो गांव से लेकर जंगल तक हथियारों का कारोबार फैला चुका था।
विशाल बना कड़ी, घर से ही चल रहा था नेटवर्क
रांची के रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने मीडिया को बताया कि मांडर थाना क्षेत्र के करगे गांव का रहने वाला विशाल सिंह इस पूरे नेटवर्क की अहम कड़ी था। पुलिस जांच में सामने आया कि उसके घर से ही अवैध हथियारों का स्टॉक रखा जाता था। गांव की सादगी के बीच छिपा यह कारोबार लंबे समय से चल रहा था। बाहर से देखने पर सब नॉर्मल लगता था, लेकिन अंदर ही अंदर हथियारों की सप्लाई का खेल जारी था।
बिहार से हथियार लाकर करता था सप्लाई
पूछताछ में खुलासा हुआ कि विशाल सिंह को हथियार चान्हों थाना क्षेत्र के चोरेया गांव का रहने वाला अभिषेक शर्मा उपलब्ध कराता था। अभिषेक पहले से ही आर्म्स एक्ट के मामले में आरोपी रह चुका है। एसपी के मुताबिक, वह बिहार से अवैध हथियार लाकर यहां सप्लाई करता था। यानी इस गिरोह की जड़ें राज्य की सीमा पार तक फैली हुई थीं।
जंगल बना सौदे का ठिकाना
हथियारों के इस अवैध कारोबार में करण गोप भी अहम भूमिका निभा रहा था। पुलिस को जब इसकी भनक लगी तो मांडर थाना क्षेत्र के हातमा जंगल में छापेमारी की गई। जंगल को इन लोगों ने सौदे और छिपने की जगह बना रखा था। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
पहले छोटे स्तर पर, फिर बना बड़ा नेटवर्क
रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि शुरुआत में ये लोग छोटे स्तर पर हथियारों की खरीद-बिक्री करते थे। धीरे-धीरे नेटवर्क बढ़ता गया और इसमें नए लोग जुड़ते गए। मांग बढ़ने के साथ इनका काम भी फैलता गया। गांव के युवकों का इस तरह अपराध की दुनिया में उतरना पुलिस के लिए भी चिंता का विषय बना हुआ है।
स्कॉर्पियो से हथियार लेकर जा रहे थे अपराधी
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने मैक्लुस्कीगंज में वाहन चेकिंग के दौरान स्कॉर्पियो सवार दो आरोपियों को पकड़ा। उनकी निशानदेही पर ही इस बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ और एक-एक कर मुख्य आरोपी पुलिस के हाथ लगे।
पुलिस को मिले कई अहम सुराग
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने कई और नामों और ठिकानों की जानकारी दी है। पुलिस अब इस गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। एसपी का कहना है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।
बिहार से रांची के गांव-जंगल तक हथियार का जाल, कैसे टूटा नेटवर्क… बता गये रांची के रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर#Ranchi #Jharkhand #CrimeNews #BreakingNews #LatestNews #NewsSamvad #TrendingNews pic.twitter.com/Vk9Y3wEF3m
— News Samvad (@newssamvaad) April 15, 2026
इसे भी पढ़ें : काली स्कॉर्पियो को खंगालते ही खुला चौंकाने वाला राज… जानें क्या



