अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Nawada : नवादा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के माधो बीघा गांव में बीती देर रात एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान राहुल कुमार उर्फ त्रिलोकी कुमार उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस को उसकी गर्दन और शरीर पर गहरे घाव मिले, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई।
मायके में थी गर्भवती पत्नी
घटना के समय राहुल की पत्नी प्रीति कुमारी अपने मायके नंदलाल बीघा में थीं। वह पांच माह की गर्भवती हैं। उन्होंने बताया कि राहुल देर रात तक फोन नहीं उठा रहे थे और फोन बंद भी आ रहा था, जिससे उन्हें चिंता होने लगी। सोमवार सुबह जब उन्हें घटना की सूचना मिली तो वह ससुराल पहुंचीं। वहां पति का शव देखकर वह बेहोश हो गईं।
परिजनों पर हत्या का आरोप
प्रीति कुमारी ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा कि राहुल की हत्या उसके बड़े भाई और परिवार के अन्य सदस्यों ने की है। उन्होंने बताया कि भाईयों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और कई बार झगड़ा भी हो चुका था। उन्हें शक है कि इसी रंजिश में राहुल की जान ले ली गई।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने बताया कि आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
गांव में दहशत और गुस्सा
घटना के बाद गांव में डर और नाराजगी दोनों का माहौल है। पांच माह की गर्भवती पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : मैथिली ठाकुर सहित इन विधायकों ने मैथिली भाषा में ली शपथ



