अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Giridih : गिरिडीह जिले के बोड़ो इलाके में स्थित टाटा मोटर्स मोटोजेन शोरूम को बुधवार को ACB यानी एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने सील कर दिया। यह शोरूम जेल में बंद ऑटोमोबाइल कारोबारी विनय सिंह का है। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के गंभीर मामले में चल रही जांच के तहत की गई है। यह मामला निलंबित आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे से जुड़ा हुआ है। ACB इस केस में उनके करीबी ऑटोमोबाइल कारोबारी विनय सिंह, रिश्तेदारों और अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। इसी क्रम में शोरूम पर कार्रवाई की गई।
स्थानीय पुलिस के साथ पहुंची एसीबी टीम
जानकारी के अनुसार, ACB की टीम स्थानीय पुलिस के सहयोग से बोड़ो स्थित शोरूम पहुंची। टीम ने शोरूम परिसर में जांच की और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शोरूम को सील कर दिया।
वित्तीय लेनदेन और कागजात की जांच
कार्रवाई के दौरान एसीबी अधिकारियों ने शोरूम से जुड़े वित्तीय लेनदेन, आयकर रिटर्न, निवेश से संबंधित दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण कागजात की गहन जांच की। इन दस्तावेजों के जरिए धन के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
स्निग्धा सिंह के नियंत्रण में संचालन
सूत्रों के अनुसार, यह शोरूम स्निग्धा सिंह के नियंत्रण में संचालित हो रहा था। एसीबी इस बात की जांच कर रही है कि शोरूम के संचालन और निवेश में किन लोगों की भूमिका रही है और पैसा कहां से लगाया गया। एसीबी की इस अचानक हुई कार्रवाई से गिरिडीह और आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई। जांच एजेंसी ने संकेत दिए हैं कि मामले में आगे भी कार्रवाई हो सकती है और नए खुलासे सामने आ सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : झारखंड के इस हाई सिक्योरिटी जेल से तीन कैदी फरार



