अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत रांची नगर निगम के मेयर पद के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जांच के बाद चुनाव प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मेयर पद के लिए नामांकन करने वाले सभी 19 अभ्यर्थियों के पर्चे पूरी तरह सही पाए गए हैं। किसी भी प्रत्याशी का नामांकन रद्द नहीं किया गया।
तय नियमों के तहत हुई नामांकन की जांच
चुनाव कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार, सभी उम्मीदवारों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। आयु, शैक्षणिक योग्यता, शपथ पत्र और अन्य जरूरी शर्तों को परखा गया। जांच में कोई तकनीकी या कानूनी कमी नहीं मिलने के कारण सभी प्रत्याशी चुनाव लड़ने के लिए योग्य घोषित किए गए।
मेयर पद के लिए योग्य पाए गए उम्मीदवार
स्क्रूटनी के बाद जिन 19 उम्मीदवारों को मेयर पद के लिए योग्य माना गया है, उनमें रमा खलखो, सुनील फकीरा कच्छप, देवी दयाल मुंडा, कथरीना तिर्की, सोनू खलखो, राजेंद्र मुंडा, सुजाता कच्छप, विनोद कुमार बड़ाईक, संजय कुमार टोप्पो, प्रवीण कच्छप, सुमन कांत तिग्गा, अजीत लकड़ा, किरण कुमारी, सुरेंद्र लिंडा, रौशनी खलखो, रामशरण तिर्की, सुजीत कुमार कुजूर, सुजीत बिजय आनंद कुजूर और बीरू तिर्की शामिल हैं।
नाम वापसी के बाद साफ होगी चुनावी तस्वीर
अब चुनाव प्रक्रिया के अगले चरण में नाम वापसी की तिथि निर्धारित है। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी। इसके बाद चुनाव चिन्ह आवंटन होगा और प्रत्याशी पूरी तरह चुनाव प्रचार में उतरेंगे।
रोचक होने वाला है रांची का मेयर चुनाव
इस बार बड़ी संख्या में उम्मीदवार मैदान में होने से रांची मेयर पद का चुनाव काफी रोचक माना जा रहा है। शहर में सफाई व्यवस्था, पेयजल, सड़क, ट्रैफिक, रोजगार और बुनियादी सुविधाएं जैसे मुद्दे चुनाव के दौरान प्रमुखता से उठने की संभावना है। मतदाता भी उम्मीदवारों के वादों और कार्ययोजनाओं पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।
इसे भी पढ़ें : “पलामू से रांची और रांची से पटना तक AK-47 रेडी है”, कुख्यात आजाद का पोस्ट वायरल

