अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Deoghar : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने एम्स देवघर से एक मरीज को बिना इलाज रांची के रिम्स रेफर किए जाने के मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने साफ कहा है कि एम्स देवघर की जनसेवा से जुड़ी छवि को नुकसान पहुंचाने की किसी को अनुमति नहीं दी जाएगी। मरीजों के इलाज में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी।
देर रात आया भावुक फोन, तुरंत बदला कार्यक्रम
शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, देर रात देवघर जिले के बसनली गांव से एक महिला का फोन स्वास्थ्य मंत्री के पास आया। महिला ने रोते हुए अपने पति की गंभीर हालत की जानकारी दी और मदद की गुहार लगाई। सूचना मिलते ही डॉ. इरफान अंसारी ने अपना तय कार्यक्रम रद्द किया और तुरंत गांव के लिए रवाना हो गए।
गांव पहुंचकर खुद की मरीज की जांच
बसनली गांव पहुंचकर स्वास्थ्य मंत्री ने स्वयं मरीज से मुलाकात की और उसकी स्थिति की जानकारी ली। जांच में सामने आया कि मरीज एक गरीब आदिवासी परिवार से है। परिजनों के अनुसार, उसे इलाज के लिए एम्स देवघर भेजा गया था, लेकिन वहां बिना किसी उपचार के रिम्स रेफर कर दिया गया।
एम्स प्रबंधन पर जताई नाराजगी
इस मामले पर स्वास्थ्य मंत्री ने एम्स प्रबंधन पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि गरीब और आदिवासी परिवार बड़ी उम्मीद लेकर एम्स जाते हैं। यदि वहां से भी मरीजों को बिना इलाज वापस भेजा जाएगा, तो एम्स के उद्देश्य पर सवाल खड़े होते हैं। बार बार मरीजों को रेफर करना गंभीर चिंता का विषय है। अगर संसाधनों की कमी है तो उसे खुलकर बताया जाना चाहिए।
जरूरत पड़ी तो एम्स जाकर करेंगे बात
डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि आवश्यकता पड़ी तो वे स्वयं एम्स देवघर जाकर प्रबंधन से बात करेंगे और जिम्मेदारी तय करेंगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एंबुलेंस की व्यवस्था कर मरीज को रांची रेफर कराया गया।
इलाज और आर्थिक मदद की व्यवस्था
स्वास्थ्य मंत्री ने मरीज के परिजनों को आर्थिक सहायता भी दी, ताकि इलाज के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। रांची में मरीज के बेहतर इलाज की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है।
यह एहसान नहीं, कर्तव्य है
ग्रामीणों द्वारा आभार जताए जाने पर डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि पीड़ितों की मदद के लिए गांव आना कोई एहसान नहीं बल्कि उनका कर्तव्य है। उन्होंने दोहराया कि सरकार की प्राथमिकता गरीब और जरूरतमंद लोगों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : कल से तीन रोज तक रांची में नो एंट्री और डायवर्जन, जानिए पूरा ट्रैफिक प्लान



