अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : इंडिगो संकट के चलते घरेलू हवाई किरायों में अचानक हुई बढ़ोतरी पर सरकार ने सख्त कदम उठाया है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने घरेलू उड़ानों पर अधिकतम किराया सीमा (फेयर कैप) लागू कर दी है। इसके तहत एयरलाइंस अब तय सीमा से अधिक किराया नहीं वसूल सकेंगी।
किराया सीमा तय
सरकार ने दूरी के आधार पर किराया सीमा निर्धारित की है।
- 500 किमी तक: अधिकतम ₹7500
- 500-1000 किमी: अधिकतम ₹12000
- 1000-1500 किमी: अधिकतम ₹15000
- 1500 किमी से अधिक: अधिकतम ₹18000
ये किराया सीमाएं करों और शुल्कों को छोड़कर हैं। बिजनेस क्लास और आरसीएस उड़ानों पर यह लागू नहीं होंगी।
रद्द उड़ानों पर रिफंड और सहायता
मंत्रालय ने इंडिगो को निर्देश दिया है कि रद्द उड़ानों के टिकट का रिफंड रविवार शाम तक पूरा कर लिया जाए। साथ ही यात्रियों के छूटे हुए सामान को 48 घंटे के भीतर उनके घर तक पहुंचाने का आदेश दिया गया है। एयरलाइन यात्रियों से कोई री-शेड्यूलिंग चार्ज नहीं लेगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए नई व्यवस्था
सरकार ने इंडिगो को डेडिकेटेड पैसेंजर सपोर्ट और रिफंड फैसिलिटेशन सेल्स बनाने का निर्देश दिया है। इन सेल्स का काम होगा प्रभावित यात्रियों से सीधे संपर्क करना और उन्हें रिफंड व वैकल्पिक यात्रा विकल्प उपलब्ध कराना। मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि नियमों का पालन न करने पर तुरंत नियामक कार्रवाई होगी।
इंडिगो का बयान
इंडिगो ने कहा है कि वह अपने परिचालन को पटरी पर लाने के लिए लगातार काम कर रही है। शनिवार को रद्द उड़ानों की संख्या 850 से नीचे आ गई है और आने वाले दिनों में इसे और कम करने की कोशिश की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : बिहार की उड़ान पर सीएम की मुहर, 50 लाख करोड़ निवेश योजना शुरू



