अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Araria : अररिया-रानीगंज मार्ग (एनएच-327 ई) पर पावर हाउस के पास सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने स्कूली बच्चों से भरे ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ई-रिक्शा पर सवार 12 बच्चे घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और एक बच्चे का हाथ कटकर चार पहिया वाहन में ही फंस गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को ई-रिक्शा से निकालकर इलाज के लिए अररिया के सदर अस्पताल पहुंचाया।
दो बच्चों की हालत बेहद गंभीर, हायर सेंटर रेफर
सदर अस्पताल में डॉ. निर्मल कुमार मंडल की देखरेख में सभी घायल बच्चों और चालक का इलाज शुरू किया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद दो बच्चों की हालत बेहद गंभीर बताई है। अत्यधिक गंभीर रूप से घायल 15 वर्षीय मोहम्मद अकरम और 10 साल के एक अन्य बालक को प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। इसके अलावा सात वर्षीय अबू हमवाद, जोया परवीन, सानिया फिरदौस, मोहम्मद आबिदुल्लाह और 30 वर्षीय ई-रिक्शा चालक मोहम्मद आबिद का उपचार सदर अस्पताल में ही चल रहा है। अन्य बच्चों को भी हल्की चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया।
रॉन्ग साइड ड्राइविंग और ओवरलोडिंग पर भड़के लोग
अस्पताल में भर्ती ई-रिक्शा चालक मोहम्मद आबिद ने बताया कि वह बच्चों को लेकर अपनी सही दिशा में जा रहे थे, तभी अचानक सामने से गलत दिशा में आ रही कार ने सीधे टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन वाहन गलत दिशा में चलते हैं, लेकिन प्रशासन इस पर कोई सख्ती नहीं दिखाता। इसके साथ ही स्थानीय लोगों ने एक ई-रिक्शा में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने को लेकर स्कूल प्रशासन की लापरवाही पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।
फरार कार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया। मामले को लेकर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की गहन जांच कर रही है। हादसे के बाद चालक अपनी कार लेकर या वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया है। पुलिस दुर्घटना करने वाले चार पहिया वाहन और उसके चालक की पहचान कर तलाश में जुट गई है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : मिथिला की धरती पर विकास की नई इबारत लिख गये सीएम सम्राट… जानें




