अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Giridih : पारसनाथ शिखरजी के दर्शन कर खुशी-खुशी वापस लौट रहे जैन श्रद्धालुओं का सफर एक दर्दनाक हादसे के बाद मातम में बदल गया। मधुबन थाना क्षेत्र के कल्याण निकेतन के पास श्रद्धालुओं से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित हो गई। बस पहले सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई और फिर दूसरी तरफ पलट गई। इस भीषण सड़क दुर्घटना में बस में सवार गुजरात के सूरत निवासी एक दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत काफी गंभीर बनी हुई है।
सूरत के रहने वाले थे मृतक दंपती, काफिले में शामिल थीं 10 गाड़ियां
मिली जानकारी के मुताबिक, जैन श्रद्धालुओं का यह पूरा दल कुल 10 वाहनों के काफिले में सवार होकर शिखरजी की यात्रा पर आया था। रविवार को दर्शन करने के बाद सभी लोग वापस टाटा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जैसे ही काफिले की एक बस मधुबन थाना इलाके के कल्याण निकेतन के पास पहुंची, ड्राइवर ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। बेकाबू बस सीधा पेड़ से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस सड़क की दूसरी दिशा में जा पलटी, जिससे अंदर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में सूरत (गुजरात) के रहने वाले 56 वर्षीय बाबूलाल वंशराज और उनकी 49 वर्षीय पत्नी बादामी देवी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों की मदद से चला रेस्क्यू, दो घायलों की हालत नाजुक
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर दौड़े और बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का काम शुरू किया। थोड़ी ही देर में डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, मधुबन थाना प्रभारी मणिलाल सिंह और पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर राहत और बचाव कार्य को अंजाम दिया। सभी घायल श्रद्धालुओं को तुरंत इलाज के लिए पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, घायलों में से दो लोगों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए किसी बड़े अस्पताल में रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना के बाद पुलिस ने मृतक दंपती के शवों को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही, यह बस किस वजह से अनियंत्रित हुई, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। हादसे को लेकर डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने बताया कि जैन तीर्थयात्रियों से भरी बस पलटने से गुजरात के एक दंपती की जान चली गई है। पुलिस ने समय रहते राहत एवं बचाव कार्य चलाते हुए सभी घायल यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
इसे भी पढ़ें : गिरिडीह में डबल म’र्डर : आधी रात घर में घुसा फिर ससुर और बहू को का’ट डाला




