अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में उद्योग लगाने की राह अब और आसान होने जा रही है। बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार यानी बियाडा ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में 33 औद्योगिक इकाइयों को जमीन देने पर मुहर लगा दी है। इसके तहत कुल 64.23 एकड़ औद्योगिक भूमि के साथ-साथ तैयार प्लग एंड प्ले शेड भी आवंटित किए जाएंगे। इन नई परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से राज्य में लगभग 915.52 करोड़ रुपये का निवेश आएगा। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर करीब 2,300 लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
परियोजना स्वीकृति समिति की बैठक में लगी अंतिम मुहर
जमीन आवंटन का यह महत्वपूर्ण फैसला बियाडा के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार की अध्यक्षता में हुई परियोजना स्वीकृति समिति (पीसीसी) की बैठक में लिया गया। बैठक के दौरान राज्य में औद्योगिक भूमि के आवंटन और नई इकाइयों की स्थापना से जुड़े अलग-अलग प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद इन 33 इकाइयों के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इस निर्णय से राज्य में औद्योगिक गतिविधियों का दायरा बढ़ेगा और विनिर्माण क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी।

पटना से औरंगाबाद तक इन इलाकों में लगेंगे नए उद्योग
मंजूरी पाने वाली ये परियोजनाएं कई अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी हैं। इनमें मुख्य रूप से खाद्य प्रसंस्करण, वस्त्र, परिधान निर्माण, यूपीवीसी पाइप निर्माण, पीयू फोम निर्माण, बैग निर्माण और सामान्य विनिर्माण से जुड़े उद्योग शामिल हैं। इन नई इकाइयों को राज्य के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित किया जाएगा। इनमें पाटलिपुत्र, फतुहा, सिकंदरपुर, कुमारबाग, बरियारपुर, औरंगाबाद, नावानगर और बिहारशरीफ के औद्योगिक क्षेत्र शामिल हैं, जहां जल्द ही काम शुरू होने की उम्मीद है।
तैयार शेड मिलने से जल्द शुरू हो सकेगा उत्पादन
बैठक में समिति ने जमीन के अलावा प्लग एंड प्ले सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों को भी अपनी स्वीकृति दी है। इस व्यवस्था के तहत निवेशकों को पहले से तैयार औद्योगिक ढांचा उपलब्ध कराया जाता है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि उद्यमियों को अपनी इकाई खड़ी करने में ज्यादा समय नहीं लगेगा और वे बहुत जल्द अपना उत्पादन शुरू कर सकेंगे। इससे राज्य में कारोबार करना काफी सुगम होगा। पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से जमीन आवंटन की यह प्रक्रिया बिहार में निवेश को बढ़ावा देने और राज्य को एक मजबूत औद्योगिक केंद्र के रूप में पहचान दिलाने में मददगार साबित होगी।
इसे भी पढ़ें : 5 राज्यों में 16 ठिकानों पर बिहार STF की रेड, सट्टेबाजी का इंटरनेशनल नेटवर्क ध्वस्त






