अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pawan Thakur, Ranchi
सुबह के करीब छह बज रहे थे। रांची रेलवे स्टेशन पर रोज की तरह भागमभाग और रेलगाड़ियों की आवाजाही का शोर था। इस भीड़ में हर कोई अपनी मंजिल की तरफ तेजी से बढ़ रहा था। प्लेटफॉर्म नंबर एक के बाहर निकलने वाले रास्ते पर एक बुजुर्ग महिला हाथ में पुराना सा झोला थामे खड़ी थीं। फटे-पुराने कपड़ों में लिपटी ये अम्मा पास से गुजरने वाले हर मुसाफिर से कुछ पूछने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन उन्हें भिखारी समझकर कोई भी रुकने को तैयार नहीं था। शहर की इस बेरुखी के बीच रांची के डॉक्टर देवनीश खेस की नजर उन पर पड़ी, जो अपनी पत्नी को कोलकाता जान वाली वंदे भारत ट्रेन में बैठाकर स्टेशन से बाहर निकल रहे थे।
पोते के इलाज के लिए अनजान शहर में अकेले निकल पड़ी थीं धूनिया देवी
डॉ. खेस ने भीड़ से अलग हटकर उन बुजुर्ग महिला के पास जाकर बड़े प्यार से पूछा कि माताजी, क्या कोई परेशानी है? किसी ने पहली बार उनसे अपनापन दिखाया था। महिला ने अपना नाम धूनिया देवी बताया और कहा कि वह बिहार के बेगूसराय स्थित काली मंदिर इलाके से आई हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें किसी बड़े अस्पताल में जाना है। डॉक्टर को पहले लगा कि शायद वह रिम्स जाना चाहती हैं, लेकिन जब उन्होंने थोड़ा और कुरेदा तो ममता और मजबूरी की एक बेहद भावुक कहानी सामने आई। धूनिया देवी के घर में न पति हैं और न ही बेटा। घर में सिर्फ एक पोता है, जो मानसिक रूप से बीमार है और घर का सारा सामान इधर-उधर फेंकता रहता है। पोते को रांची लाने से पहले यह बुजुर्ग दादी खुद उस बड़े अस्पताल को देखने चली आई थीं, ताकि बाद में पोते को लाकर उसका इलाज करा सकें।

थैले में सिर्फ एक पैकेट बिस्कुट, पर हौसला पहाड़ जैसा
धूनिया देवी की बातें सुनकर डॉ. खेस समझ गए कि वह कांके स्थित केंद्रीय मनश्चिकित्सा संस्थान यानी सीआईपी की बात कर रही हैं। डॉक्टर ने देखा कि अम्मा पढ़ी-लिखी नहीं हैं और रांची शहर उनके लिए बिल्कुल अनजान है। जब डॉक्टर ने पूछा कि किराए के लिए कुछ पैसे साथ लाई हैं, तो अम्मा की आंखें भर आईं। उन्होंने अपना झोला खोलकर दिखाया, जिसमें पैसों के नाम पर कुछ भी नहीं था, बस एक पैकेट बिस्कुट रखा था। वह बेगूसराय से लोगों से पूछते-पाछते किसी तरह ट्रेन पकड़कर रांची तक पहुंच गई थीं। एक दादी का अपने पोते के प्रति यह निस्वार्थ प्रेम देखकर डॉक्टर का दिल पसीज गया। उन्होंने तुरंत अपनी जेब से सीआईपी कांके आने-जाने और वापस बेगूसराय लौटने के लिए पर्याप्त पैसे निकालकर उनके हाथ में रख दिए।

ऑटो चालक गुड्डू ने भी पेश की दरियादिली की मिसाल, मुफ्त में अस्पताल ले जाने की ली जिम्मेदारी
डॉक्टर जब अपनी गाड़ी के पास खड़े होकर कागज पर अस्पताल का नाम और पता लिख रहे थे, तो पास खड़े कुछ ऑटो चालक यह सारा नजारा देख रहे थे। डॉ. खेस ने वहां मौजूद गुड्डू नाम के एक ऑटो चालक को बुलाया और अम्मा की पूरी मजबूरी समझाते हुए कहा कि भाई इन्हें सीआईपी गेट तक छोड़ देना और भाड़े में थोड़ी रियायत कर देना। डॉक्टर की बात सुनकर ऑटो चालक गुड्डू ने जो कहा, उसने वहां खड़े हर शख्स का दिल जीत लिया। गुड्डू ने तुरंत कहा कि सर, मैं माताजी से एक भी पैसा नहीं लूंगा। मैं इन्हें मुफ्त में सीआईपी ले जाऊंगा, पूरा अस्पताल दिखाऊंगा और फिर सुरक्षित वापस रांची रेलवे स्टेशन भी छोड़ जाऊंगा। इतना ही नहीं, सुबह की ठंडी हवा अम्मा को न लगे, इसके लिए गुड्डू ने ऑटो में किनारे बैठे एक यात्री को उठाकर बीच की सीट पर बिठाया और अम्मा को बड़े सम्मान के साथ अंदर बिठाया।

असहाय लोगों की मदद ही ईश्वर की सच्ची सेवा
अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने जाने से पहले डॉ. खेस ने धूनिया देवी के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया और नेक दिल ऑटो चालक गुड्डू से हाथ मिलाकर उसका शुक्रिया अदा किया। बाद में डॉक्टर ने इस पूरे वाकये को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए समाज को एक गहरा संदेश दिया। उन्होंने लिखा कि हम अक्सर मंदिर, मस्जिद, चर्च और गुरुद्वारों में भगवान को ढूंढते हैं, लेकिन कई बार ईश्वर इन्हीं असहाय और लाचार लोगों के रूप में हमारी परीक्षा लेने आते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि रास्ते में अगर कोई बेसहारा दिखे तो बिना किसी शर्त उसकी मदद जरूर करें, क्योंकि आपकी एक छोटी सी पहल किसी की पूरी जिंदगी बदल सकती है। साथ ही उन्होंने शहरवासियों से गुड्डू जैसे ईमानदार और संवेदनशील ऑटो चालक के ऑटो में सफर कर उसका उत्साह बढ़ाने की भी गुजारिश की।
इसे भी पढ़ें : इलाज, अनुभव और नेटवर्क… मशहूर डॉ देवनीस खेस्स ने जोड़ा पूर्वी भारत






