अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : सीएम सम्राट चौधरी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सेवाकाल में देश और बिहार ने तरक्की के नए आयाम गढ़े हैं। सीएम सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र स्थित ज्ञान भवन में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की और रंगोली के जरिए केंद्र सरकार की योजनाओं को दर्शाने के लिए आयोजकों की सराहना की। उन्होंने याद दिलाया कि नरेंद्र मोदी ने 13 साल गुजरात के सीएम और पिछले 12 साल देश के प्रधानमंत्री के तौर पर लगातार जनता की सेवा में बिताए हैं।
“लोकतंत्र में जनता का समर्थन सेवा, समर्पण और काम के आधार पर मिलता है। जो लोग सत्ता में आने के बाद जनता की सेवा के बजाय अपने हितों को साधने में लग जाते हैं, उन्हें जनता कभी समर्थन नहीं देती। पीएम मोदी को लगातार मिल रहा जनसमर्थन उनके जनकल्याणकारी कार्यों पर जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है।” -सम्राट चौधरी, सीएम बिहार
12 लाख गरीबों को मिलेंगे पक्के मकान, किसानों को मिलेगी फसल क्षति सब्सिडी
सम्राट चौधरी ने राज्य के विकास और गरीबों के कल्याण को लेकर सरकार के रोडमैप पर विस्तार से बात की। उन्होंने ऐलान किया कि मौजूदा वित्तीय वर्ष के भीतर बिहार में 12 लाख जरूरतमंद परिवारों के लिए पक्के मकान बनाए जाएंगे। हाल ही में गंगा, गंडक और सोन नदियों के उफान से आई बाढ़ का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों को राहत राशि दी जा चुकी है। इसके साथ ही जिन किसानों की फसलें बर्बाद हुई हैं, उन्हें 14 अक्टूबर को कृषि इनपुट सब्सिडी के जरिए सीधे आर्थिक मदद पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि राशन, पक्के मकान, साफ पानी, शौचालय और बिजली जैसी सुविधाएं हर गरीब की चौखट तक पहुंचाना ही उनकी सरकार की प्राथमिकता है।

दरभंगा और पूर्णिया एयरपोर्ट से बढ़ेगी कनेक्टिविटी, सौर ऊर्जा पर बड़ा फोकस
सड़क, रेल और हवाई संपर्क के विस्तार पर बात करते हुए सीएम ने कहा कि केंद्र के सहयोग से बिहार का बुनियादी ढांचा तेजी से बदल रहा है। दरभंगा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का निर्माण कार्य अगले दो से तीन महीनों में पूरा कर लिया जाएगा, जबकि पूर्णिया एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के काम को भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। बिजली व्यवस्था का ब्योरा देते हुए उन्होंने बताया कि प्रदेश के करीब 1 करोड़ 93 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को पिछले डेढ़ साल से हर महीने 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है।
अब सरकार का पूरा ध्यान सौर ऊर्जा पर है ताकि लोगों के बिजली बिल का बोझ हमेशा के लिए खत्म हो सके। इसके लिए पीएम सूर्य घर योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर भारी सब्सिडी दे रही हैं। खेती में लागत घटाने के लिए कृषि फीडरों को सब्सिडी दी जा रही है और कुसुम योजना के जरिए खेतों में सोलर पंप लगाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान बिहार राज्य संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय झा और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान ने सीएम को पौधा और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक संजय कुमार, किसान आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण मेहता और पटना की मेयर सीता साहू समेत कई नेता और नागरिक मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें : CM सम्राट ने 101 लोगों की सुनी फरियाद, ऑन-द-स्पॉट किया फैसला



“लोकतंत्र में जनता का समर्थन सेवा, समर्पण और काम के आधार पर मिलता है। जो लोग सत्ता में आने के बाद जनता की सेवा के बजाय अपने हितों को साधने में लग जाते हैं, उन्हें जनता कभी समर्थन नहीं देती। पीएम मोदी को लगातार मिल रहा जनसमर्थन उनके जनकल्याणकारी कार्यों पर जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है।” -सम्राट चौधरी, सीएम बिहार