अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : जनता दल यूनाइटेड (जदयू) से पत्नी समेत निकाले जाने के ठीक अगले दिन मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह मीडिया के सामने आए। पार्टी से बाहर किए जाने के सवाल पर उन्होंने बेबाक अंदाज में कहा कि उन्हें इस कार्रवाई का कोई मलाल नहीं है। जनता ही असली मालिक और भगवान है। जिसने भी यह कार्रवाई की, बिल्कुल बढ़िया की। अनंत सिंह ने साफ लहजे में दावा किया कि जदयू असल में नीतीश कुमार की पार्टी थी। जब वही अब पार्टी में नहीं रहे, तो जदयू का वजूद ही खत्म हो चुका है। आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी को दस से बारह सीटें लाने में भी आफत आ जाएगी।
नीतीश कुमार से कोई दूरी नहीं, बेटे निशांत पर बोलने से बचे
नीतीश कुमार को लेकर बात करते हुए बाहुबली विधायक ने कहा कि जदयू सिर्फ और सिर्फ नीतीश जी की वजह से थी। अब वे नहीं रहे, तो पार्टी भी खत्म हो गई। उन्होंने दो टूक कहा कि वे नीतीश कुमार की बुराई कभी नहीं करेंगे। उनसे उनकी कोई दूरी नहीं है और वे कभी भी जाकर उनसे मुलाकात कर लेंगे। वहीं जब उनसे जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि निशांत अभी राजनीति में बिल्कुल नए हैं। इसलिए फिलहाल उन पर कुछ भी बोलना सही नहीं है।
“जनता मालिक है, भगवान है… जदयू तो नीतीश कुमार के साथ ही खत्म हो गई।”
जदयू से निष्कासन के बाद मोकामा विधायक बाहुबली अनंत सिंह (छोटे सरकार) का तीखा पलटवार।
#AnantSingh #BiharPolitics #JDU #NitishKumar #TodayNews #LatestNews #NewsSamvad #TrendingNews #BiharNews https://t.co/BX02vUN68c
— News Samvad (@newssamvaad) October 25, 2026
टिकट मांगने कभी नहीं गए, चुनाव में सब पता चल जाएगा
खुद पर हुई कार्रवाई पर भड़कते हुए अनंत सिंह ने कहा कि विधायकी जाने के बाद अगर पार्टी उन्हें निकाल भी रही है, तो उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। पार्टी ने जिसे मालिक बना रखा है, उसी ने यह फैसला लिया होगा। निकालने वाले किस कर्म के हैं, यह सब जानते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि वे कभी टिकट मांगने पार्टी दफ्तर नहीं गए थे, बल्कि उन्हें बुलाकर टिकट थमाया गया था। आज जो लोग मंत्री और प्रधानमंत्री बनकर बैठे हैं, उन सभी को अगले चुनाव में जनता की ताकत का अहसास हो जाएगा। जनता सब देख रही है और वही सही जवाब देगी।
नीरज कुमार पर साधा निशाना, नई पार्टी बनाने के दिए संकेत
जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार का नाम लिए बिना उन्होंने तंज कसा कि पार्टी अठारह साल तक गाली देने वालों को संभालकर रखी हुई है। उन पर कार्रवाई होनी चाहिए या नहीं, यह पार्टी खुद तय करे। अब जदयू में ऐसा कोई बड़ा नेता बचा ही नहीं है, जो उनसे बात करने की हैसियत रखता हो। पटना स्नातक सीट पर जन सुराज के प्रत्याशी के समर्थन को लेकर उठे सवालों और अपने सियासी भविष्य पर अनंत सिंह ने कहा कि वे किस दल में जाएंगे, यह किसी से पूछकर तय नहीं करेंगे। हंसी-मजाक के अंदाज में उन्होंने यह भी कह दिया कि हो सकता है वे अपनी नई पार्टी ही बना लें। उन्होंने साफ किया कि वे जैसे हैं वैसे ही रहेंगे, क्योंकि उनका असली फैसला सिर्फ जनता करेगी।
इसे भी पढ़ें : बाहुबली विधायक अनंत सिंह 6 साल के लिए पार्टी से निष्काशित, एक और पर भी गिरी गाज



