अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Shilong : मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले के ताशखाई क्षेत्र में गुरुवार को अवैध कोयला खदान में जोरदार धमाका हुआ। इस हादसे में कम से कम 16 मजदूरों की मौत हो गई। अधिकारियों का कहना है कि राहत कार्य जारी है और जैसे-जैसे अभियान बढ़ेगा मृतकों की संख्या में और इजाफा हो सकता है।
घटना स्थल का हाल
घटनास्थल पर मौजूद मजदूर चीख-चिल्ला कर मदद मांग रहे थे। शुरुआती रिपोर्ट में बताया गया कि धमाका खदान के अंदर डायनामाइट के अवैध इस्तेमाल के कारण हुआ। मौके पर भारी काला धुआं उठ रहा है और मजदूर खदान के आसपास इकट्ठा हो रहे हैं।
राहत और बचाव कार्य
गुवाहाटी स्थित एनडीआरएफ की तीन टीमें राहत और बचाव के लिए घटनास्थल रवाना हुईं। एक टीम पहले से ही मेघालय में थी। टीम का नेतृत्व बटालियन के कमांडर और डॉक्टर कर रहे हैं। मेघालय पुलिस ने भी बचाव अभियान शुरू कर दिया है और घटनास्थल पर कई टीमें तैनात की गई हैं।
मृतक मजदूरों की पहचान
अब तक तीन मृत मजदूरों की पहचान हुई है। वे असम के काटिगोरा क्षेत्र के निवासी हैं। मृतकों के नाम हैं फारूक अहमद, दिलदार हुसैन और अनवर हुसैन। एसपी विकास कुमार ने बताया कि अब तक 16 शव बरामद किए जा चुके हैं और खदान में और भी शव फंसे होने का डर है। स्थानीय लोग मौके पर जमा हैं। महिलाएं और बच्चे रोते हुए दिखाई दे रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि धमाके के कारण खदान में भारी नुकसान हुआ है और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
इसे भी पढ़ें : दूसरी शादी की चाह में बीवी को दे दी खौफनाक मौत… जानें

